बीजापुर। माओवादियों द्वारा लगाए गए IED विस्फोट में शहीद हुए 19वीं बटालियन CAF “C” कंपनी के आरक्षक मनोज पुजारी को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। शहीद जवान सड़क निर्माण कार्य की सुरक्षा ड्यूटी में तोयनार-मोरमेड़ मार्ग पर तैनात थे, जहां नक्सलियों द्वारा लगाए गए विस्फोटक की चपेट में आने से वे वीरगति को प्राप्त हुए।
बीजापुर स्थित रक्षित केंद्र के शहीद वाटिका में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस मौके पर शहीद जवान के परिजनों सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पूर्व वन मंत्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति जानकी कोरसा, भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग, उप पुलिस महानिरीक्षक दंतेवाड़ा रेंज कमलोचन कश्यप, उप महानिरीक्षक केरिपु ऑप्स बीजापुर सेक्टर देवेन्द्र सिंह नेगी, कलेक्टर संबित मिश्रा, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव, और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
शहीद मनोज पुजारी को नमन करते हुए सभी ने उनके बलिदान को अविस्मरणीय बताया और उनके परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। यह घटना एक बार फिर से यह याद दिलाती है कि हमारे सुरक्षा बल नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान देने से भी पीछे नहीं हटते।





