Bhopal : IRDAI, जनरल इंश्योरेंस काउंसिल एवं इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनियों ने संयुक्त रूप से लगाया शिविर
Bhopal : 18 नवंबर 2026: भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI) द्वारा मध्य प्रदेश राज्य के लिए नामित लीड इंश्योरर इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड ने जनरल इंश्योरेंस काउंसिल की ओर से 18 नवंबर 2026 को भोपाल, मध्य प्रदेश में शिकायत निवारण शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया।
यह शिविर IRDAI की नवंबर 2026 में आयोजित की जा रही ‘शिकायत समाधान माह’ (Grievance Resolution Month) पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया। इस पहल का उद्देश्य पॉलिसीधारकों की लंबित शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा बीमा क्षेत्र में विश्वास को और अधिक मजबूत करना है। इस पहल की थीम है – “शिकायतों का समाधान करें, विश्वास बहाल करें और भरोसे को मजबूत बनाएं।

इस शिविर में जनरल इंश्योरेंस, लाइफ इंश्योरेंस एवं हेल्थ इंश्योरेंस क्षेत्र की 47 बीमा कंपनियों ने सहभागिता की। शिविर के दौरान बीमा शिकायतों एवं विवादों का मौके पर ही सफलतापूर्वक समाधान किया गया। इसके साथ ही 3 करोड़ रुपये से अधिक के बीमा दावों/शिकायतों के चेक भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर IRDAI के पीपीजीआर विभाग के महाप्रबंधक श्री ए.वी. राव, IRDAI के श्री नीलेश गुप्ता, बीमा लोकपाल श्री अजय कुमार, बीमा लोकपाल की उप सचिव सुश्री नीरा आप्टे, मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के सहायक सचिव श्री अनुराग अग्रवाल, इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी के कार्यकारी निदेशक श्री अमित जैन, उपाध्यक्ष श्री शुभम जैन, इंडियाज फर्स्ट लाइफ इंश्योरेंस के श्री अमित शर्मा, जनरल इंश्योरेंस काउंसिल के महासचिव के सलाहकार एवं कार्यकारी सहायक श्री हरिशंकर मेनन, काउंसिल ऑफ ओम्बड्समैन के श्री हेमंत कामंथ एवं श्री विनय हल्दीपुर सहित IRDAI के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
शिविर का मुख्य उद्देश्य शिकायत निवारण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा पारदर्शिता एवं जवाबदेही को बढ़ावा देने के लिए बीमा भरोसा पोर्टल और बीमा लोकपाल जैसी व्यवस्थाओं के प्रभावी उपयोग को प्रोत्साहित करना था। इस दौरान हुई चर्चाओं में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि पॉलिसीधारकों का विश्वास मजबूत करना और वर्ष 2047 तक ‘सभी के लिए बीमा’ (Insurance for All by 2047) के राष्ट्रीय लक्ष्य को साकार करना पूरे बीमा उद्योग की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस शिविर में 200 से अधिक पॉलिसी धारकों को चेक सौंपे गए। कैंप में 150 से ज्यादा अलग-अलग बीमा कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इन बीमा कंपनियों ने 1000 से ज्यादा पॉलिसीधारकों के क्लेम्स का सेटलमेंट किया।
आपको बता दें कि नवंबर 2026 को IRDAI ने शिकायत समाधान माह के रूप में मनाने की पहल की है। इसके तहत देश के 16 शहरों में बीमा पॉलिसीधारकों की लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में भोपाल के महाराणा प्रताप नगर स्थित एक होटल में सामान्य बीमा परिषद की ओर से IFFCO-Tokio जनरल इंश्योरेंस कंपनी ने शिविर आयोजित किया। इसमें सामान्य बीमा, जीवन बीमा और स्टैंड-अलोन स्वास्थ्य बीमा से जुड़े उपभोक्ताओं को अपनी शिकायतें रखने का अवसर मिला।

Bhopal : 5 महीने बाद मिला क्लेम, किसी को पत्नी की मौत के बाद मिली आर्थिक मदद
Bhopal : बलराम कुशवाह, पॉलिसी धारक
शिविर में पहुंचे उपभोक्ताओं ने बीमा क्लेम से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
बीमाधारक बलराम कुशवाह ने बताया कि उन्हें पांच महीने के इंतजार के बाद बीमा क्लेम का चेक मिला।

Bhopal : आरती अग्रवाल, पॉलिसी धारक
वहीं, आरती अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने टाटा इंश्योरेंस कंपनी की पॉलिसी ली थी। दो प्रीमियम जमा करने के बाद उन्होंने पॉलिसी बंद कर दी थी और इसके बाद क्लेम के लिए आवेदन किया।

Bhopal : लक्ष्मीनारायण विश्वकर्मा, पॉलिसी धारक
एक अन्य पॉलिसीधारक लक्ष्मीनारायण विश्वकर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी की असमय मृत्यु के बाद उन्हें LIC से 20 दिनों के भीतर 2 लाख 52 हजार रुपये के क्लेम का चेक मिल गया। शिविर में मौजूद अन्य उपभोक्ताओं ने भी बीमा कंपनियों से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।

Bhopal : 16 शहरों में पहली बार शिकायत निवारण शिविर
IRDAI के पीपीजीआर विभाग के महाप्रबंधक श्री ए.वी. राव, IRDAI ने स्वदेश न्यूज से बातचीत में बताया कि देश के 16 शहरों में पहली बार इस तरह के बीमा शिकायत निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य पॉलिसीधारकों की लंबित शिकायतों और कानूनी विवादों का समाधान करना है। उन्होंने बताया कि कुछ मामलों में आपसी सहमति से विवादों का निपटारा कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी के कार्यकारी निदेशक श्री अमित जैन ने कहा, “इफको टोकियो जनरल इंश्योरेंस में ग्राहकों की संतुष्टि, पारदर्शिता और विश्वास हमारी कार्यप्रणाली के मूल आधार हैं। भोपाल में आयोजित IRDAI का यह शिकायत निवारण शिविर पॉलिसीधारकों को निष्पक्ष, पारदर्शी और प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था तक आसान पहुंच उपलब्ध कराने की हमारी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
इस पहल का मकसद बीमा क्षेत्र में शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया को तेज करना, उपभोक्ताओं की परेशानी कम करना और बीमा व्यवस्था में उनका भरोसा मजबूत करना है। IRDAI की ओर से आने वाले समय में ग्रामीण क्षेत्रों में भी बीमा शिकायतों के समाधान की दिशा में पहल किए जाने की बात कही गई है।

Bhopal : किसानों के फसल बीमा क्लेम के लिए भी बनेगी व्यवस्था
IFFCO-Tokio जनरल इंश्योरेंस के स्टेट हेड शुभम जैन ने बताया कि किसानों के फसल बीमा क्लेम से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए राज्य स्तरीय बीमा समिति बनाई गई है। इस समिति के अध्यक्ष मुख्य सचिव हैं। इसके साथ ही जिला स्तर पर भी समितियां गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इन समितियों की हर तीन महीने में समीक्षा होती है। किसान अपनी फसल बीमा से जुड़ी समस्याएं इन समितियों के सामने रख सकते हैं। जिला स्तर पर संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का जल्द समाधान कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
Bhopal : बीमा कंपनियों की शिकायत निवारण व्यवस्था पर भी सवाल
भोपाल में आयोजित इस शिविर से कई पॉलिसीधारकों को राहत मिली है, लेकिन इसके साथ ही कुछ सवाल भी सामने आए हैं। यदि बीमा कंपनियों के पास शिकायत निवारण की व्यवस्था पहले से मौजूद है, तो बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए विशेष शिविर लगाने की जरूरत क्यों पड़ रही है? क्या मौजूदा शिकायत निवारण व्यवस्था प्रभावी ढंग से काम नहीं कर रही है?

एक दूसरा महत्वपूर्ण सवाल किसानों के फसल बीमा से जुड़ा है। शहरी क्षेत्रों के पॉलिसीधारकों के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं, तो क्या ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसी तरह के कैंप आयोजित होंगे? फसल नुकसान के बाद क्लेम में देरी, कम मुआवजा मिलने और शिकायतों के निराकरण जैसी समस्याओं से जूझ रहे किसानों को ऐसी पहल से कितनी राहत मिलेगी, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।
बीमा का वास्तविक महत्व तभी है, जब जरूरत के समय पॉलिसीधारक को उसका लाभ मिले। भोपाल का यह शिविर शिकायतों के समाधान की दिशा में एक पहल है। अब इसकी सफलता इस बात से तय होगी कि लंबित शिकायतों का नियमित और समयबद्ध निराकरण कितना प्रभावी ढंग से हो पाता है।


