रिपोर्टर – गिर्राज बौहरे
भिंड: चर्चित पेशाब कांड मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इसी सिलसिले में आज ग्वालियर हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल मिश्रा कार्यकर्ताओं के साथ एसपी ऑफिस पहुंचे और आरोपियों के समर्थन में एडिशनल एसपी संजीव पाठक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वकील अनिल मिश्रा ने कहा कि बिना जांच के ब्राह्मण समाज के युवकों पर एफआईआर दर्ज करना गलत है। उन्होंने आरोप लगाया कि भीम आर्मी के दबाव में आकर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
गौरतलब है कि 20 अक्टूबर को ग्वालियर निवासी एक दलित युवक का कथित तौर पर अपहरण कर भिंड के सुरपुरा क्षेत्र में लाया गया था, जहां उसके साथ पेशाब पिलाने जैसी घटना का आरोप लगाया गया। मामले में भीम आर्मी के हस्तक्षेप के बाद सुरपुरा थाना पुलिस ने तीन युवकों पर एफआईआर दर्ज की थी।
इस घटना के बाद दलित और सवर्ण समाज आमने-सामने आ गए हैं। वहीं आज वकील अनिल मिश्रा ने भिंड पहुंचकर आरोपियों के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि “इस लड़ाई में हम आपके साथ हैं और न्याय के लिए पूरी ताकत से लड़ेंगे।” वरिष्ठ वकील ने इस दौरान आर्थिक आधार पर आरक्षण व्यवस्था लागू करने की भी मांग की और कहा कि जाति के बजाय आर्थिक स्थिति को आरक्षण का आधार बनाया जाना चाहिए।





