रिपोर्टर: विष्णु गौतम | स्थान: भिलाई
भिलाई स्थित ACC अडानी कॉलोनी में एक ही रात नौ सूने घरों में चोरी की बड़ी वारदात ने सनसनी फैला दी है। चोरों ने करीब ₹10 लाख से अधिक के सामान पर हाथ साफ कर लिया। यह घटना तब हुई जब कॉलोनी के अधिकांश अधिकारी और कर्मचारी छुट्टियों में बाहर गए हुए थे।
सुनियोजित साजिश के तहत दिया गया वारदात को अंजाम
पुलिस का कहना है कि यह चोरी पूरी तरह रेकी और साजिश के तहत की गई है। चोरों को अच्छी तरह जानकारी थी कि किस घर में कोई नहीं है। इस जानकारी के आधार पर उन्होंने एक-एक कर नौ घरों को निशाना बनाया और कीमती गहने, नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
गृहस्वामी लौटेंगे तो होगा असली खुलासा
फिलहाल पुलिस को चोरी हुए सामान की अंदाजन जानकारी है। अधिकारियों ने बताया कि घर मालिकों के लौटने के बाद ही पूरी जानकारी सामने आएगी कि कुल कितने मूल्य की चोरी हुई है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, ₹10 लाख से अधिक की संपत्ति गायब है।
पुलिस जुटी कार्रवाई में, डॉग स्क्वायड व तकनीकी टीम लगी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डॉग स्क्वायड, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और तकनीकी टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है। चोरी की घटना से कॉलोनी के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
पुलिस का दावा है कि चोरों की पहचान जल्द कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज, कॉलोनी में बाहरी गतिविधियों की जानकारी और संदेहास्पद व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।





