Basti: बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र के बेलवारिया जंगल गांव में अज्ञात हमलावरों की बेरहमी से पिटाई के बाद एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रात में खेत जाते समय हुआ हमला
मृतक की पहचान धर्मेंद्र वर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रात में घर से खाना खाने के बाद खेत में लगी अपनी आटा चक्की पर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने बेसबॉल के डंडे से उनके सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
इलाज के दौरान हुई मौत
सिर पर गंभीर चोट लगने से धर्मेंद्र मौके पर ही गिर पड़े। शोर सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायल अवस्था में उन्हें पहले सीएचसी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान धर्मेंद्र की मौत हो गई।
पुलिस ने दर्ज किए शिकायत
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पीड़ित परिजनों की गुहार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर लिया गया है।
जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी
सीओ स्वर्णिम सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।





