,

लोकसभा में पप्पू यादव को मिली नसीहत, केंद्रीय मंत्री के कंधे पर हाथ रखना पड़ा भारी

By: Yoganand Shrivastva

नई दिल्ली: लोकसभा में शिष्टाचार और मर्यादा को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने एक बार फिर सख्ती दिखाई है। इस बार निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू के साथ बातचीत के दौरान उनके कंधे पर हाथ रखना भारी पड़ गया।


सदन की गरिमा पर ओम बिरला की सख्ती

गुरुवार को लोकसभा की कार्यवाही के दौरान बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव, केंद्रीय मंत्री राम मोहन नायडू के बगल में बैठे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने मंत्री के कंधे पर हाथ रख दिया, जिसे लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें सार्वजनिक रूप से मर्यादा का पालन करने की हिदायत दी।

सूत्रों के अनुसार, पप्पू यादव अपने संसदीय क्षेत्र में हवाई अड्डे से जुड़े किसी मुद्दे पर चर्चा कर रहे थे, लेकिन उनकी शारीरिक भाषा को लेकर अध्यक्ष ने आपत्ति जताई।


राहुल गांधी को भी मिली थी चेतावनी

इससे एक दिन पहले, बुधवार को लोकसभा में कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कड़ी नसीहत दी थी।

बिरला ने राहुल गांधी को सदन की मर्यादा और नियमों का पालन करने की सलाह दी थी। इस पर राहुल गांधी ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि उन्हें तो बोलने तक का मौका नहीं दिया जाता और सदन को अलोकतांत्रिक तरीके से चलाया जा रहा है।


संसद में अनुशासन को लेकर सख्ती

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने हाल के दिनों में सदन की गरिमा और अनुशासन को बनाए रखने के लिए कई बार हस्तक्षेप किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संसद में सभी सांसदों से मर्यादित आचरण की उम्मीद की जाती है, चाहे वे किसी भी दल से हों।

यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि संसद में किसी भी तरह की अनौपचारिकता या नियमों का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

गाजियाबाद में जल्द वास्तविकता बनेगा रामायण पार्क, योगी सरकार ने शुरू की निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी..यह भी पढ़े