Report: Farhan khan
Agra : उत्तर प्रदेश के आगरा में कानून-व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़ा करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ एक पीड़ित महिला ने न्याय न मिलने से हताश होकर डीसीपी सिटी कार्यालय परिसर में खुदकुशी करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी के कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

Agra कार्यालय में मची अफरा-तफरी, पुलिस ने बचाया
थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित महिला शुक्रवार दोपहर अचानक डीसीपी सिटी कार्यालय पहुँची। न्याय की आस खो चुकी महिला ने परिसर में ही खुद पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क लिया और आग लगाने का प्रयास करने लगी। महिला को इस आत्मघाती कदम की ओर बढ़ते देख वहाँ तैनात पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। जवानों ने तुरंत दौड़कर महिला को दबोचा और उसके हाथ से माचिस छीन ली, जिससे उसकी जान बच सकी।

Agra रिटायर्ड दरोगा ससुर पर मारपीट का आरोप
महिला का आरोप है कि उसका ससुर उत्तर प्रदेश पुलिस से सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) दरोगा है, जो लगातार उसके साथ मारपीट और उत्पीड़न करता है। पीड़िता के मुताबिक, उसके पास ससुर द्वारा की गई मारपीट का पुख्ता वीडियो साक्ष्य भी मौजूद है। इसके बावजूद, ससुर के रसूख और पूर्व पुलिसकर्मी होने के चलते स्थानीय थाना पुलिस उसकी कोई सुनवाई नहीं कर रही थी। पीड़िता का कहना है कि वह न्याय के लिए कई दिनों से थाने के चक्कर काट-काटकर थक चुकी थी।

Agra डीसीपी सिटी ने दिया सख्त कार्रवाई का आश्वासन
इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह महिला को समझा-बुझाकर शांत किया। इसके बाद उसे डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास के समक्ष पेश किया गया। डीसीपी ने पीड़िता की पूरी आपबीती सुनी और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उसे निष्पक्ष जांच और आरोपी ससुर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।





