By- Isa Ahmad
Report- Kareem Khan
Agra: जीवनी मंडी चौकी में कथित पुलिसिया बर्बरता के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने न्याय दिलाने की उठाई आवाज़, डीसीपी ने की जांच और निलंबन
आगरा
आगरा के जीवनी मंडी चौकी में कथित थर्ड डिग्री और बर्बरता के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने कलेक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने युवक को थर्ड डिग्री देने वाले पुलिसकर्मियों पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
मामला क्या है
मामला थाना छत्ता से जुड़ा है, जहां एक दूध विक्रेता युवक को चौकी में हिरासत में लेकर कथित तौर पर बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि युवक के पैर के अंगूठे का नाखून तक उखाड़ दिया गया, और उससे 1800 रुपये छीन लिए गए। बाद में रकम लौटाए बिना ही युवक के खिलाफ शांति भंग का चालान कर दिया गया।
इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीसीपी सिटी ने चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया, लेकिन सपा का कहना है कि यह पर्याप्त नहीं है। उनका कहना है कि दोषी पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज किए बिना पीड़ित को न्याय नहीं मिलेगा।
सपा की चेतावनी और प्रशासन की कार्रवाई
समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने बताया कि उन्होंने मामले को लेकर डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास से बातचीत की है। डीसीपी ने आश्वासन दिया है कि निष्पक्ष जांच जारी है और 15 दिनों के भीतर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
सपा ने चेतावनी दी है कि यदि पीड़ित को न्याय नहीं मिला तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पुलिसिया बर्बरता के खिलाफ जोरदार नारेबाजी भी की गई और न्याय दिलाने की मांग उठाई गई।





