Agra News: आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में तालाब की सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को नगर निगम ने कार्रवाई कर हटवा दिया। कुछ लोगों ने खाली जमीन पर गेट लगाकर बाउंड्री कर ली थी। सूचना मिलने पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया।
Agra News: नोटिस के बावजूद किया जा रहा था निर्माण
नगर निगम द्वारा पहले ही नोटिस जारी किए जाने और मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद कुछ लोगों ने गेट लगाकर टिन शेड डालने की तैयारी शुरू कर दी थी। भूपेंद्र शिवहरे नामक व्यक्ति द्वारा पिलर खड़े कर गेट लगाने का कार्य कराया जा रहा था। नोटिस की अवहेलना करते हुए निर्माण जारी रखा गया, जिस पर निगम ने सख्त कदम उठाया।
प्रवर्तन दल और पुलिस ने मौके पर संभाला मोर्चा
सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडेय के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक शिप्रा गुप्ता के नेतृत्व में नगर निगम का प्रवर्तन दल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। टीम ने अवैध रूप से लगाए गए गेट, पिलर और अन्य संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, कुछ ने विरोध की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल के सामने कोई सफल नहीं हो सका।

नगर निगम ने दी सख्त चेतावनी
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन, तालाब और सार्वजनिक संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। न्यायालय में मामला लंबित होने के बावजूद किया गया निर्माण पूरी तरह अवैध था, इसलिए उसे हटाया गया।
नगर आयुक्त बोले, अतिक्रमण पर चलेगा अभियान
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा कि सरकारी भूमि और सार्वजनिक परिसंपत्तियों पर अवैध कब्जा किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है। यदि नोटिस और कानूनी प्रक्रिया के बावजूद नियमों का उल्लंघन किया गया तो नगर निगम सख्त कार्रवाई करेगा। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
फुटपाथ पर बने अवैध चबूतरे पर भी कार्रवाई
नगर निगम ने बल्केश्वर पार्क स्थित मंदिर के पास फुटपाथ पर किए गए पक्के निर्माण को भी ध्वस्त कर दिया। बिना अनुमति ट्रांसफार्मर रखने के लिए बनाए जा रहे चबूतरे को अवैध मानते हुए निगम ने तत्काल कार्रवाई की।





