Isa Ahmad
Report- Farhan Khan
Agra: आगरा में देर रात सामने आया अपहरण और लूट का एक सनसनीखेज मामला पुलिस जांच में पूरी तरह फर्जी निकला। एक कपड़ा व्यापारी ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसका अपहरण कर उससे 1.20 लाख रुपये, अंगूठी और मोबाइल फोन लूट लिया गया है। हालांकि, जब पुलिस ने मामले की गहन जांच की, तो कहानी का सच कुछ और ही निकला।
यह मामला थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के रामबाग इलाके का है। महाराष्ट्र के कपड़ा व्यापारी सतीश अग्रवाल आगरा आए हुए थे और ड्रेस पर स्थित एक होटल में ठहरे थे। देर रात सतीश अग्रवाल थाना एत्माद्दौला पहुंचे और पुलिस को लूट व अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही डीसीपी सिटी अली अब्बास के निर्देश पर कई पुलिस टीमें गठित की गईं।
पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया। जांच में सामने आया कि व्यापारी द्वारा बताया गया अपहरण और लूट का मामला पूरी तरह फर्जी था। पुलिस के अनुसार, व्यापारी की एक मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से कुछ लोगों से जान-पहचान हुई थी, जिनके साथ उसका समलैंगिक रिलेशनशिप था। इन्हीं लोगों को व्यापारी ने बाहर से आगरा बुलाया था और बाद में वह स्वयं उनके साथ हाथरस चला गया।
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में भी कैद पाई गई, जिसमें व्यापारी अपनी मर्जी से आरोपियों के साथ जाते हुए नजर आया। हाथरस पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर व्यापारी और आरोपियों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान व्यापारी से 1.20 लाख रुपये उसके खाते से ट्रांसफर करवा लिए गए, साथ ही उसकी अंगूठी और मोबाइल भी ले लिया गया। इस पूरे घटनाक्रम से बचने के लिए व्यापारी ने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से फर्जी अपहरण और लूट की कहानी रच दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जिस बैंक खाते में व्यापारी से रकम ट्रांसफर करवाई गई थी, उसे भी पुलिस ने फ्रीज कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जाएगा।





