AAPBhopal : भोपाल, आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार 17 फरवरी 2026 को नगर निगम कमिश्नर Sanskriti Jain को माता मंदिर स्थित नगर निगम कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर शहर की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग की। प्रतिनिधियों ने पेयजल कनेक्शन, पार्क सुरक्षा, सफाई व्यवस्था और पेंशन जैसे मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की अपील की।
AAPBhopal : पानी कनेक्शन काटने का विरोध
ज्ञापन में सबसे प्रमुख मुद्दा नल कनेक्शन काटे जाने का रहा। पार्टी नेताओं का कहना है कि पानी नागरिकों का मौलिक और संवैधानिक अधिकार है, इसलिए कनेक्शन काटकर आम जनता को परेशान न किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कनेक्शन काटने से जुड़े व्यक्ति का राजनीतिक दल से संबंध है और अवैध रूप से वसूली की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इस पर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

AAPBhopal : कोलार रोड के पार्क में जर्जर टंकी हटाने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने कोलार रोड की डी.के-1 कॉलोनी के नगर निगम पार्क में बनी जर्जर पानी टंकी को तत्काल हटाने की मांग की। उनका कहना है कि अब उस टंकी से पानी सप्लाई नहीं होता और बच्चे उस पर चढ़ जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। साथ ही पार्क में लाइट, झूले, वॉकिंग ट्रैक और बेंच लगाने तथा नियमित रखरखाव की भी मांग की गई।

AAPBhopal : कर्मचारी भुगतान और सफाई व्यवस्था
ज्ञापन में एक दिवंगत नगर निगम कर्मचारी के परिवार को लंबित भुगतान तत्काल जारी करने की मांग की गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि भुगतान न होने से परिवार आर्थिक संकट में है। इसके अलावा वार्ड 80 स्थित दामखेड़ा झुग्गी बस्ती में सफाई व्यवस्था, नालियों की सफाई और सीवेज सुधार की भी मांग रखी गई।
AAPBhopal : पेंशन और योजना का लाभ
प्रतिनिधिमंडल ने एक महिला की लाडली बहना योजना की राशि बंद होने और उनके पति की पेंशन रुकने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल भुगतान बहाल करने की अपील की।
नगर निगम कमिश्नर ने सभी बिंदुओं पर उचित कार्रवाई और निराकरण का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने वालों में राष्ट्रीय परिषद सदस्य रीना सक्सेना, फराज खान, अजय गिरी, ईशाक खान, कैलाश वानखेड़े, फौजी बरसाने, लखन मसानी, रामलखन, अरुण अहिरवार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।





