BY: Yoganand Shrivastva
नई दिल्ली, राजधानी दिल्ली के उत्तरी इलाके में स्थित आजादपुर मार्केट में गुरुवार देर रात एक भयावह हादसा हुआ। आधी रात को एक बहुमंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे मलबे में दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना क्षेत्र में चल रहे मेट्रो टनलिंग कार्य के निकट हुई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
रात 2 बजे ढही इमारत, मलबे में दबा व्यक्ति
यह हादसा रात लगभग 1:55 बजे पुल मिठाई के पास हुआ। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी कि टोकरी वालान, बाड़ा हिंदू राव इलाके में एक पुरानी इमारत गिर गई है। इमारत के भूतल पर तीन दुकानें थीं, जिनमें सूटकेस, तिरपाल और बैग का कारोबार होता था। पहली मंजिल गोदाम के रूप में इस्तेमाल की जा रही थी।
मलबे से 46 वर्षीय मनोज शर्मा को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मनोज उत्तर प्रदेश का निवासी था और पिछले 30 वर्षों से आजादपुर की दुकान नंबर 7A में काम कर रहा था।
दमकल, पुलिस और NDRF ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलने के तुरंत बाद मौके पर फायर ब्रिगेड, पुलिस, NDRF, एंबुलेंस और डीडीएमए की टीमों ने मोर्चा संभाला। राहत और बचाव कार्य जारी रहा, लेकिन घटना में किसी और व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटनास्थल पर खड़ा एक ट्रक भी मलबे की चपेट में आ गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इमारत पहले से थी असुरक्षित घोषित
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, जिस क्षेत्र में यह इमारत स्थित थी, वह पहले से असुरक्षित घोषित किया गया था। 12 जून को कुछ इमारतों को खाली भी कराया गया था, लेकिन कुछ निर्माण अभी भी जारी था।
DMRC और प्रशासन ने की कार्रवाई की घोषणा
हादसे के बाद DMRC (दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन) ने कहा है कि मेट्रो टनलिंग साइट के पास यह घटना हुई है और पूरी जांच कराई जाएगी। साथ ही मृतक मनोज के परिजनों को ₹5 लाख का मुआवजा देने का ऐलान भी किया गया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
दिल्ली पुलिस ने मामले की प्राथमिक जांच के बाद BNS की धारा 106(1)/290 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल की फोरेंसिक जांच और आसपास की इमारतों की सुरक्षा की समीक्षा भी की जा रही है।





