,

सीहोर: फिल्म ‘तू मेरी पूरी कहानी’ का विशेष प्रदर्शन, हीरो अरहान पटेल का भव्य स्वागत

Sehore: Special screening of the film "Tu Meri Puri Kahani", grand welcome to hero Arhaan Patel

रिपोर्ट- प्रेम नारायण, एडिट- विजय नंदन

सीहोर: रविवार को लिसा टॉकीज में फिल्म “तू मेरी पूरी कहानी” का विशेष प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस मौके पर फिल्म के हीरो अरहान पटेल का ढोल-नगाड़ों और फूलों की वर्षा कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

इस विशेष अवसर पर सीहोर विधायक सुदेश राय और कालापीपल विधायक घनश्याम चंद्रवंशी उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अरहान पटेल का अभिनंदन किया और उनके उज्ज्वल फिल्मी करियर के लिए शुभकामनाएँ दीं।

फिल्म प्रदर्शन के दौरान कालापीपल सहित आस-पास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष दर्शक सीहोर पहुंचे। दर्शकों ने फिल्म की कहानी को संवेदनशील और कलाकारों के अभिनय को प्रभावशाली बताया। खास बात यह रही कि अरहान पटेल ने भी दर्शकों के साथ बैठकर फिल्म का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों का इतना प्रेम और समर्थन उनके लिए प्रेरणा का कार्य करेगा।

लिसा टॉकीज में अरहान पटेल का पूरा परिवार भी मौजूद रहा, जिसने दर्शकों के साथ इस यादगार पल को साझा किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच टॉकीज में उत्सव जैसा माहौल रहा। फिल्म देखने उमड़ी भीड़ और अरहान पटेल का आत्मीय व्यवहार आयोजन की सबसे बड़ी खासियत रही।

फिल्म की कहानी कुछ इस तरह से है, अनिका (हिरण्या ओझा) एक महत्वाकांक्षी लड़की है, जो अपने सपनों को साकार करने के लिए परिवार की परंपराओं और समाज की बंदिशों से भिड़ जाती है। एक दिन उसकी राह में आ जाता है रोहन (अरहान पटेल) जो संगीत का दीवाना है और अपनी आवाज से लोगों को दीवाना बना लेता है। दोनों की मोहब्बत शुरुआत में सरल लगती है, लेकिन फिर सामने आता है समाज का दबाव, पिता (तिग्मांशु धूलिया) का सख्त रवैया, और एक खतरनाक जुनूनी खलनायक राज (शम्मी दुहान) कहानी बार-बार आपको सोचने पर मजबूर करती है. क्या इंसान को मोहब्बत को चुनना चाहिए या शोहरत को? आगे की कहानी जानने के लिए देखिए फिल्म ‘तू मेरी पूरी कहानी’।

इसे भी पढ़िए: दुर्गा पूजा पंडाल में काजोल की फैमिली आउटिंग, नीसा देवगन क्यों बनीं चर्चा का विषय ?