BY: Yoganand Shrivastva
उत्तर प्रदेश: रामनगरी अयोध्या में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए देह व्यापार के मामले का पर्दाफाश किया है। शहर के एक निजी गेस्ट हाउस के मालिक गणेश अग्रवाल और उनके दो साथियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस ने 11 लड़कियों को भी छापेमारी के दौरान पकड़ा।
पुलिस क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि को टीम ने गेस्ट हाउस पर छापेमारी की। जैसे ही पुलिस अंदर दाखिल हुई, कमरे में मौजूद लड़कियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोककर थाने ले जाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार लड़कियों को बिहार और गोरखपुर से लाया गया था। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर अग्रवाल और उसके दो साथियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने बताया कि आगे भी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी और शहर के अन्य गेस्ट हाउस और होटलों की भी जांच की जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं और भी इस तरह की अवैध गतिविधियाँ तो नहीं चल रही हैं।





