,

अंबिकापुर: जनपद पंचायत के प्रभारी सीईओ पर गंभीर आरोप

Ambikapur: Serious allegations against the CEO in charge of the District Panchayat

रिपोर्ट- दिनेश गुप्ता

22 तारीख से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

अंबिकापुर। जनपद पंचायत अंबिकापुर के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) आर.एस. सेंगर पर लगातार गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। सचिव, सरपंच, रोजगार सहायक और उप अभियंता सहित पंचायतकर्मियों का कहना है कि अधिकारी आए दिन उनके साथ अभद्रता और अन्यायपूर्ण व्यवहार करते हैं।

कर्मचारियों का आरोप: मनमानी और प्रताड़ना

कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि सीईओ अपने पद का दुरुपयोग कर निर्दोष कर्मचारियों को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित करते हैं।

  • कई सचिवों को लंबे समय से जनपद में ही संलग्न रखा गया है।
  • हाल ही में कुछ सचिवों को निर्माण कार्य में लापरवाही का हवाला देकर निलंबित भी कर दिया गया।
  • जबकि नियमानुसार निर्माण कार्य के प्रतिवेदन में तकनीकी अधिकारियों की सहमति और अभिमत अनिवार्य होता है।

कर्मचारियों का कहना है कि सेंगर स्वयं को सर्वोपरी मानकर मनमानी कर रहे हैं। उन पर यह भी आरोप है कि अवैध उगाही के उद्देश्य से वे निलंबन जैसी कार्रवाई करते हैं।

संघों ने सौंपा ज्ञापन, हटाने की मांग

सचिव संघ ने इस मामले में शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। उनका कहना है कि यदि 22 सितंबर तक जनपद सीईओ को हटाने की कार्यवाही नहीं की जाती, तो सभी पंचायतकर्मी हड़ताल पर चले जाएंगे।

हड़ताल की चेतावनी

सचिव संघ के समर्थन में रोजगार सहायक संघ, इंजीनियर जनपद और बीडीसी सदस्य भी साथ खड़े हैं। संघ ने साफ चेतावनी दी है कि 22 तारीख के बाद अनिश्चितकालीन कलम बंद हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।