,

गणेश चतुर्थी पर सूरजपुर में जोर-शोर से तैयारियां, पंडालों में सजेंगे विघ्नहर्ता

Preparations in full swing in Surajpur for Ganesh Chaturthi, Vignaharta will be decorated in the pandals

रिपोर्टर – आकाश कसेरा

सूरजपुर जिले में गणेश चतुर्थी का पर्व इस बार विशेष उत्साह और धूमधाम से मनाया जाएगा। आगामी 27 अगस्त को विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पंडालों में विराजमान होंगी।

पंडालों की सजीव तैयारियां

शहर में जगह-जगह पंडालों की सजावट का कार्य तेज गति से चल रहा है। कई स्थानों पर थीम आधारित पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के साथ-साथ समितियां भी पूरे उत्साह से इस आयोजन में जुटी हुई हैं।

मूर्तिकारों की व्यस्तता

राज्य के बाहर से आए मूर्तिकार इस समय भगवान गणेश की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में व्यस्त हैं। मूर्तिकारों ने बताया कि इस बार छोटी मूर्तियों की डिमांड सबसे ज्यादा है। लोग अपनी पसंद की मूर्ति चुनने के लिए फोटो लेकर मूर्तिकारों तक पहुंच रहे हैं। कई मूर्तिकारों का कहना है कि वे कई वर्षों से छत्तीसगढ़ आकर प्रतिमाएं बना रहे हैं और यहां की आस्था व भक्ति उन्हें विशेष अनुभव कराती है।

प्रशासन ने जारी की गाइडलाइन

जिला प्रशासन ने भी गणेश चतुर्थी को देखते हुए बैठक कर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसमें सुरक्षा, स्वच्छता और कानून व्यवस्था को बनाए रखने पर जोर दिया गया है।

भक्तों में उत्साह

गणपति बप्पा के आगमन को लेकर सूरजपुर सहित पूरे प्रदेश में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। पंडालों से लेकर घर-घर तक तैयारियां जोरों पर हैं। भक्त बेसब्री से उस क्षण का इंतजार कर रहे हैं जब विघ्नहर्ता गणपति का शुभ आगमन होगा।