रिपोर्ट- दिनेश गुप्ता
अंबिकापुर। शहर में पिछले दो घंटे से हो रही झमाझम बारिश ने एक बार फिर नगर निगम की लचर व्यवस्था को उजागर कर दिया है। ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह फेल हो गया है और शहर के कई मुख्य मार्गों पर पानी भर गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बनारस रोड पर भरा पानी, सड़कें बनी तालाब
बारिश का सबसे ज्यादा असर बनारस रोड सहित शहर के कई हिस्सों में देखा गया, जहां सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं। पैदल चलना तो दूर, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
निचले इलाकों में हालात गंभीर
निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के घरों में बारिश का पानी घुस गया है। लोगों को घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। इस जलभराव की वजह से छोटे व्यवसायी, दुकानदार और स्कूली बच्चे भी खासे परेशान नजर आए।
नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
हर साल की तरह इस बार भी पहली बारिश में ही नगर निगम की तैयारियों की पोल खुल गई है। ना तो ड्रेनेज की सफाई समय पर हुई, और ना ही नालों का सुधार कार्य। शहरवासी अब नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने लगे हैं और जवाब मांग रहे हैं कि आखिर हर बार यही हाल क्यों होता है?
नागरिकों की मांग:
- ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत और नियमित सफाई की व्यवस्था
- निचले इलाकों में जल निकासी के विशेष उपाय
- नगर निगम द्वारा तत्काल राहत कार्य और जवाबदेही तय करना





