देखते ही देखते जलकर हुआ खाक
सरगुजा (छत्तीसगढ़): जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब कोयला लोड एक खड़ी ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
घटना सीतापुर-पत्थलगांव मुख्य मार्ग NH-43 पर ग्राम चलता के पास की है, जहां कोयला लोड ट्रक सड़क किनारे खड़ी थी। अचानक ट्रक में आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास के लोगों ने जब धुएं और लपटों को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर सीतापुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेने का प्रयास किया गया। हालांकि जब तक दमकल या मदद पहुंचती, तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और संभावना जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट या कोयले की गर्मी के चलते लगी हो सकती है।
गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन ट्रक पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गया है। पुलिस ने ट्रक चालक और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि आगजनी के पीछे की असली वजह का पता लगाया जा सके।





