Jamtara News : स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बीजेपी पर साधा निशाना, SIR के जरिए मतदाताओं के अधिकारों से खिलवाड़ करने का लगाया आरोप
संवाददाता: रतन कुमार
Jamtara News : झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि देश बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बनाए संविधान से चलेगा, किसी राजनीतिक दल के फरमान से नहीं। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी। आगामी 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर रांची में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय संविधान रक्षा मार्च को लेकर रविवार को उन्होंने अपने जामताड़ा स्थित आवास पर प्रेस वार्ता की।
Jamtara News : इस दौरान मंत्री ने भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सुनियोजित तरीके से संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक न्याय को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। SIR का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से करोड़ों लोगों के नाम हटाए जाने का मामला गंभीर है। उनके अनुसार, इससे आदिवासी, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के मताधिकार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधते हुए निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए।
Jamtara News : डॉ. अंसारी ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। 26 नवंबर का मार्च केवल कांग्रेस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान में विश्वास रखने वाले प्रत्येक नागरिक की आवाज बनेगा। उन्होंने जामताड़ा से बड़ी संख्या में नेताओं, कार्यकर्ताओं, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के रांची पहुंचने की बात कही।
Jamtara News : पूर्व विधायक अकेला यादव ने कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक के अधिकार, सम्मान और सामाजिक न्याय की बुनियाद है। इसकी रक्षा के लिए कांग्रेस का हर कार्यकर्ता मजबूती से खड़ा है।
Jamtara News : प्रदेश प्रवक्ता सह जिला प्रभारी अब्दुल करीम अंसारी ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक संविधान रक्षा का संदेश पहुंचाने की अपील की। वहीं, जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा ने कहा कि मार्च में महिलाओं और युवाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी होगी। कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे ने कहा कि संविधान विरोधी सोच का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से दिया जाएगा।
प्रेस वार्ता के अंत में मंत्री डॉ. इरफान अंसारी सहित सभी कांग्रेस नेताओं ने पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से 26 नवंबर को रांची पहुंचकर संविधान रक्षा मार्च को सफल बनाने की अपील की।
read more : Aaj Ka Mausam : चक्रवात अकवान का असर बरकरार, झारखंड-ओडिशा में बारिश; यूपी-बिहार और दिल्ली में कोहरे का अलर्ट


