रिपोर्ट- चंद्रकांत
Elephant Death : छत्तीसगढ़ के गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के रेहन्द परिक्षेत्र में हाथी के नर शावक का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में करंट या बाहरी चोट के संकेत नहीं मिले हैं। बीमारी या प्राकृतिक कारणों की आशंका के बीच विसरा जांच के लिए भेजा जाएगा।
कोरिया। छत्तीसगढ़ के गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व में हाथी के एक नर शावक की मौत का मामला सामने आया है। रेहन्द परिक्षेत्र के पी-511 कंपार्टमेंट में रिहंद ब्रिज के पास स्थित नाले में शावक का शव मिला। बताया जा रहा है कि शव करीब दो से तीन दिन पुराना है। घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है।

वन विभाग ने पोस्टमार्टम कराने के बाद मौत का वास्तविक कारण पता लगाने के लिए शावक का विसरा सुरक्षित किया है। इसे जांच के लिए रायबरेली भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हाथी के शावक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
Elephant Death : बीमारी या प्राकृतिक कारणों से मौत की आशंका
रेहन्द परिक्षेत्र प्रभारी श्याम प्रताप सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में शावक के शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। इसके अलावा करंट लगने से मौत होने के भी संकेत नहीं मिले हैं। फिलहाल बीमारी अथवा प्राकृतिक कारणों से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की असली वजह विसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
Elephant Death : हाथी के शावक की मौत ने गश्ती व्यवस्था पर उठाए सवाल
इस घटना ने टाइगर रिजर्व के जंगलों में वन्यजीवों की निगरानी और गश्ती व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि शावक का शव दो से तीन दिन पुराना है, तो यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जंगल में नियमित गश्त के बावजूद वन विभाग को इसकी जानकारी समय पर क्यों नहीं मिल सकी।
परिक्षेत्र प्रभारी श्याम प्रताप सिंह ने बताया कि टाइगर रिजर्व में 70 से अधिक पैदल गार्ड तैनात हैं। इसके बावजूद पिछले करीब तीन वर्षों से जंगल में वन्यजीवों की गतिविधियों और संदिग्ध हलचलों की जानकारी साझा करने वाला पुराना सूचना तंत्र प्रभावी रूप से बंद है।
उन्होंने पूर्व में बाघ की मौत की जानकारी भी कई दिन बाद सामने आने का जिक्र किया। अधिकारी ने यह भी स्वीकार किया कि अतिरिक्त प्रभार होने के कारण क्षेत्र में नियमित दौरा कर पाना संभव नहीं हो पा रहा है।
Elephant Death : 70 से अधिक गार्ड, फिर भी समय पर क्यों नहीं मिलती जानकारी?
टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में कर्मचारी तैनात हैं। ऐसे में हाथी के शावक का शव कई दिन बाद मिलने की घटना निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े करती है।
जंगल में वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने, घायल या बीमार जानवरों की पहचान करने और किसी भी संदिग्ध घटना की तत्काल सूचना अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी सूचना तंत्र जरूरी है। अब देखना होगा कि वन विभाग इस घटना के बाद गश्ती व्यवस्था और सूचना तंत्र को मजबूत करने के लिए क्या कदम उठाता है।
ये भी जानिए : Microsoft Outage : 15 घंटे बाद भी Outlook और Teams की सेवाएं प्रभावित, IndiGo-अकासा एयर का कामकाज भी बाधित


