रिपोर्टर-आदर्श दुबे
Khurai Mother : सागर/खुरई। मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई में बेटी को कथित अपहरण से बचाने के लिए बदमाशों से भिड़ी एक मां की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में महिला भारती सेन गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। सागर में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भोपाल रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। शनिवार शाम को उनका शव खुरई लाया गया। घटना के बाद सेन समाज में आक्रोश है और परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Khurai Mother : दो बाइक से पहुंचे थे चार युवक, बेटी को ले जाने का आरोप
मृतका के बेटे अनिकेत सेन के मुताबिक, घटना 24 अक्टूबर को दोपहर करीब 2 बजे मुड़िया फार्म स्थित उनके घर के पास हुई। आरोप है कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर सौरभ यादव सहित चार युवक वहां पहुंचे और घर के बाहर से उसकी बहन को जबरन ले जाने लगे।
बेटी की चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद उसकी मां भारती सेन मौके पर पहुंचीं और युवकों का विरोध किया। परिजनों का आरोप है कि बदमाशों ने महिला को मोटरसाइकिल से टक्कर मारी और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान महिला के सिर, हाथ, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। आरोपियों के युवती को अपने साथ ले जाने की बात भी परिजनों ने कही है।

Khurai Mother : सागर से भोपाल किया गया था रेफर
घायल भारती सेन को परिजन उपचार के लिए सागर लेकर पहुंचे। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें भोपाल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, युवती बाद में वापस लौट आई थी। हालांकि, पुलिस के मुताबिक युवती ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया है। इस वजह से मामले के तथ्यों की जांच महत्वपूर्ण हो गई है।
Khurai Mother : सेन समाज में आक्रोश, कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
महिला की मौत की खबर फैलते ही सेन समाज के लोग खुरई में एकत्र हो गए। समाज के प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह से मुलाकात कर मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
समाज के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सेन समाज आंदोलन करेगा और चक्काजाम किया जाएगा।
Khurai Mother : पुलिस ने दिया जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन
शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने समाज के प्रतिनिधियों को जांच के बाद सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार, मुड़िया फार्म के पास रहने वाले सौरभ यादव के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं और उसे जिला बदर भी किया जा चुका है। फिलहाल मामले में परिजनों के आरोप, युवती के बयान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी जानिए : INDIA Bloc की रैली से दिल्ली के कारोबार को 11 हजार करोड़ तक का नुकसान! CTI का दावा, 2.5 लाख दुकानें रहीं बंद


