BY: Yoganand Shrivastva
Mahoba News उत्तर प्रदेश के महोबा जिले की चरखारी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक बृजभूषण राजपूत एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। किसानों को बांटे जाने वाले बीज की कथित कालाबाजारी की सूचना मिलने पर विधायक अचानक कृषि विभाग के बीज गोदाम पहुंच गए। वहां गोदाम प्रभारी सोनू यादव के साथ उनकी तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई और विधायक ने प्रभारी को सरेआम थप्पड़ जड़ दिए। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गाड़ी में लदी थीं चने के बीज की करीब 100 बोरियां
Mahoba News प्राप्त जानकारी के अनुसार, विधायक बृजभूषण राजपूत को सूचना मिली थी कि किसानों के हक का चने का बीज गोदाम से अवैध रूप से बाहर भेजा जा रहा है। जब वे मौके पर पहुंचे, तो वहां एक वाहन में चने के बीज की लगभग 100 बोरियां लदी हुई थीं। विधायक ने आरोप लगाया कि इस सरकारी बीज को पात्र किसानों तक पहुंचाने के बजाय बाजार में बेचने की साजिश रची जा रही थी। पूछताछ के दौरान जब गोदाम प्रभारी कोई संतोषजनक जवाब या ऊपर के अधिकारियों का आदेश नहीं दे पाए, तो विवाद और बढ़ गया।
समाजवादी पार्टी से जोड़ने का आरोप, विधायक का पुराना विवादों से नाता
Mahoba News विवाद के दौरान विधायक ने गोदाम प्रभारी को अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी से जुड़ा हुआ बताते हुए उन पर गंभीर तंज कसे। इस पूरी घटना के बाद से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। हालांकि, विधायक बृजभूषण राजपूत अपने बयानों और अनोखे तेवरों को लेकर पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं, जैसे कि फसल बीमा सर्वेयरों के खिलाफ उनका विरोध का अनूठा तरीका। फिलहाल इस थप्पड़ कांड का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
Read this: Aaj Ka Panchang : 22 अक्टूबर को रखा जाएगा पापांकुशा एकादशी का व्रत, जानें शुभ मुहूर्त और राहुकाल


