by: vijay yadav
MPPSC Exam : भोपाल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के युवाओं के लिए बड़ी घोषणा की है। भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित CM Youth Conclave-2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षाएं अगले साल में दो बार आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री की इस घोषणा को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है।
यूथ कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं से संवाद करते हुए शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार, स्टार्टअप और नई तकनीकों से जुड़े अवसरों पर चर्चा की। इसी दौरान उन्होंने MPPSC परीक्षा को लेकर यह घोषणा की।
LIVE: लाल परेड मैदान, भोपाल में आयोजित 'सीएम यूथ कॉन्क्लेव-2026' https://t.co/z6rRxfYk77
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) October 6, 2026
MPPSC Exam : अगले साल दो बार परीक्षा से बढ़ेंगे अवसर
MPPSC की परीक्षा अगले साल दो बार आयोजित होने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने के अधिक अवसर मिल सकेंगे। इससे सरकारी सेवाओं में जाने की तैयारी कर रहे युवाओं को अपनी तैयारी के अनुरूप अधिक मौके मिलने की उम्मीद है।
MPPSC Exam : सीएम यूथ कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रमुख घोषणाएं
- प्रदेश के शासकीय महाविद्यालयों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग क्लासेस शुरू होंगी।
- उच्च शिक्षा में शोध को प्रोत्साहन देने के लिए शोधार्थियों मिलने वाली राशि 16 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपए प्रतिमाह की जाएगी।
- सभी शासकीय महाविद्यालयों में अत्याधुनिक आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस और एडवांस कम्प्युटिंग लैब की स्थापना की जाएगी।
- स्टार्टअप के लिए अच्छे आइडियाज मिलें, इसके लिए 5 करोड़ रुपए का आइडिया फंड बनाने का प्रावधान किया गया है।
- स्नातकोत्तर की छात्राओं को गांव की बेटी और प्रतिभा किरण योजना के दायरे में शामिल किया जाएगा।
- युवाओं के प्लेसमेंट कराने के लिए एक एजेंसी नियुक्त की जाएगी। सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए काम करेगी।
- राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की 500 नई ईकाइयां बनाई जाएंगी।
- शोध संस्था में 1 करोड़ रुपए का फंड विश्वविद्यालय निधि से स्थापित किया जाएगा।
- प्रदेश के एक लाख युवाओं को कौशल उन्नयन योजना से जोड़ा जाएगा।
- प्रत्येक संभाग में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाए जाएंगे।
- प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में वर्ष 2027 में फिर ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) का आयोजन होगा।
- प्रदेश में पीएससी की सालाना परीक्षा के अतिरिक्त अब हर वर्ष एक विशेष परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।
- युवा वर्ष 2027 के लिए एक पोर्टल की शुरुआत करेंगे, जिसमें युवा अपने आइडिया और सुझाव दे सकते हैं। उन्हें लागू करेंगे।
- अगले वर्ष 12 नए मेडिकल कॉलेज और रोजगार परख कोर्स के लिए 12 स्किल यूनिवर्सिटी प्रारंभ की जाएंगी।
MPPSC Exam : 20 हजार से ज्यादा युवाओं से संवाद
CM Youth Conclave-2026 का आयोजन भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रदेशभर से 20 हजार से अधिक युवा शामिल हुए हैं। कॉन्क्लेव का फोकस रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार, उद्यमिता, नवाचार, रिसर्च और भविष्य की तकनीकों पर है।
कॉन्क्लेव में करीब 17 सरकारी विभागों और विभिन्न संस्थाओं की भागीदारी है। युवाओं को रोजगार और सरकारी योजनाओं के साथ-साथ AI, रोबोटिक्स, ड्रोन, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रिक व्हीकल और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे उभरते क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।
MPPSC Exam : युवाओं के लिए रोजगार और करियर पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा है कि प्रदेश के युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर सरकार का जोर है। यूथ कॉन्क्लेव के जरिए युवाओं को करियर विकल्पों, स्किल डेवलपमेंट, स्टार्टअप और उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। MPPSC परीक्षा अगले साल दो बार कराने की घोषणा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय के रूप में सामने आई है। अब इस घोषणा के बाद परीक्षा का नया शेड्यूल और विस्तृत व्यवस्था आयोग की ओर से सामने आने का इंतजार रहेगा।
ये भी जानिए : UNSC में भारत की स्थायी सीट पर पाकिस्तान का फिर अड़ंगा, बोला- नए स्थायी सदस्य समाधान नहीं


