Report: Vandna Rawat
AI City Uttar Pradesh मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर और तकनीकी विकास को लेकर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर विस्तृत पोस्ट साझा किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के विजन को उत्तर प्रदेश में नीति, निवेश और उत्पादन के माध्यम से धरातल पर उतारा गया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश अब तकनीक का केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि निर्माता बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की अपार संभावनाओं का उपयोग नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि जब प्राथमिकता प्रदेश के विकास के बजाय परिवारवाद और निवेशकों के बजाय अपराधियों को संरक्षण देने की हो, तब भविष्य की तकनीकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार नहीं हो सकता।
चिप निर्माण, डेटा सेंटर और स्टार्टअप को मिली रफ्तार
AI City Uttar Pradesh मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स और तकनीकी क्षेत्र का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि देश में बनने वाले करीब 60 प्रतिशत मोबाइल फोन और 55 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स का उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि जेवर में 3,706 करोड़ रुपये की लागत से एचसीएल-फॉक्सकॉन चिप निर्माण इकाई स्थापित की जा रही है। इसके साथ ही प्रदेश में 644 मेगावाट क्षमता के डेटा सेंटर प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। मुख्यमंत्री के अनुसार राज्य में 24 हजार से अधिक स्टार्टअप और 8 यूनिकॉर्न सक्रिय हैं, जो नवाचार और रोजगार सृजन को नई दिशा दे रहे हैं।
एआई और डिजिटल अर्थव्यवस्था का केंद्र बन रहा प्रदेश
AI City Uttar Pradesh मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश डेटा सेंटर से लेकर एआई सिटी तक भविष्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव तैयार कर रहा है। उन्होंने बताया कि एआई-प्रज्ञा पहल के माध्यम से 10 लाख युवाओं को नई तकनीकों से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश का बढ़ता स्टार्टअप इकोसिस्टम युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार उपलब्ध कराने वाला बना रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि असेंबली से एआई तक की यह यात्रा केवल तकनीकी विकास की कहानी नहीं, बल्कि युवाओं के रोजगार, उद्यमिता और समृद्धि की नई पहचान है। इसी क्रम में लखनऊ में एचसीएल टेक की स्थापना के 10 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में HCL GUVI Emerging Tech Skilling Centre का शुभारंभ भी किया जाएगा।
Read this: Aaj ka Mausam: 17 राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट, 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं


