PM Modi : दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाई दुबई के विमान में बुधवार को उस समय बेहद गंभीर स्थिति पैदा हो गई, जब उड़ान के दौरान कॉकपिट में पायलटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विमान में 174 लोग सवार थे। घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक में आपात लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
इस घटना में भारतीय कप्तान स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हुए। रिपोर्टों के अनुसार, सह-पायलट ने उन पर हमला किया था और विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और चालक दल के अन्य सदस्यों ने हमलावर को काबू में करने में मदद की।
PM Modi : घायल होने के बाद भी नहीं छोड़ी हिम्मत
Captain Smit Machchhar is a HERO.
— Narendra Modi (@narendramodi) October 1, 2026
In the face of the gravest danger and despite being seriously injured, he showed immense courage and an unwavering resolve to protect the lives of others.
His valour helped save hundreds of lives and avert a great tragedy.
India is proud of…
फ्लाई दुबई की उड़ान FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। उड़ान के दौरान कॉकपिट में हुई झड़प के बाद विमान ने आपात स्थिति का संकेत दिया और अचानक नीचे उतरने लगा। उपलब्ध रिपोर्टों के मुताबिक, भारतीय कप्तान स्मित मच्छार पर सह-पायलट ने धारदार हथियार से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
गंभीर चोट के बावजूद कैप्टन मच्छार ने स्थिति का सामना किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद कुछ यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू करने में मदद की। विमान में मौजूद दो अन्य फ्लाई दुबई पायलटों ने बाद में विमान का नियंत्रण संभाला और उसे सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित उतारा।
PM Modi : सऊदी अरब में हुआ इमरजेंसी लैंडिंग
घटना के बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक स्थित हवाईअड्डे पर उतारा गया। विमान में सवार 174 लोगों को सुरक्षित बताया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें 27 बच्चे भी शामिल थे। बाद में यात्रियों को दूसरी उड़ान के जरिए तेल अवीव पहुंचाया गया।
घायल कैप्टन स्मित मच्छार को तबुक के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है। घटना की जांच संबंधित अधिकारियों और फ्लाई दुबई की ओर से की जा रही है। फ्लाई दुबई ने इस घटना को कॉकपिट में हुई एक गंभीर झड़प बताया है।
PM Modi : पीएम मोदी ने बताया हीरो
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि बेहद गंभीर खतरे और गंभीर चोट के बावजूद उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए साहस और दृढ़ संकल्प दिखाया। उन्होंने कहा कि कैप्टन मच्छार की बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बचाने में मदद मिली और एक बड़ी त्रासदी टली। पीएम ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया के बाद कैप्टन मच्छार की बहादुरी को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा हुई। भारतीय पायलट के साहस की सराहना इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी की। नेतन्याहू ने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने हमलावर का विरोध किया और कॉकपिट का दरवाजा खोलकर यात्रियों और चालक दल को हमलावर पर काबू पाने में मदद की।
PM Modi : 13 साल से ज्यादा का उड़ान अनुभव
कैप्टन स्मित मच्छार के पास वाणिज्यिक विमान उड़ाने का 13 साल से ज्यादा का अनुभव बताया गया है। वह इससे पहले स्पाइसजेट के साथ भी लंबे समय तक काम कर चुके हैं और जून 2022 में फ्लाई दुबई से जुड़े थे। रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने 9,500 से ज्यादा घंटे विमान उड़ाया है।
फिलहाल उनका इलाज सऊदी अरब में चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है। इस पूरी घटना की जांच जारी है, इसलिए सह-पायलट के हमले के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
read also: Bhopal: कस्तूरबा स्कूल में कल सजेगा यादों का संसार, गुरुजनों का भी होगा सम्मान


