रिपोर्टर: देवेन्द्र श्रीवास
Mahanadi Water Level : जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में महानदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से प्रशासन अलर्ट मोड पर है। धमतरी के गंगरेल बांध के सभी 14 गेट खोले जाने के बाद महानदी में पानी का बहाव बढ़ गया है। शिवरीनारायण क्षेत्र में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।
महानदी में पानी बढ़ने की स्थिति को देखते हुए शबरी सेतु पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। पुल के दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों को भी मौके पर तैनात रखा गया है।

Mahanadi Water Level : कई इलाकों में सड़क संपर्क प्रभावित
महानदी के बढ़ते जलस्तर का असर आसपास के क्षेत्रों में भी दिखाई देने लगा है। कई छोटे-बड़े नालों के ऊपर से पानी बहने के कारण कुछ स्थानों पर सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। प्रशासन की ओर से बाढ़ संभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है।
जांजगीर-चांपा कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने शिवरीनारायण समेत बाढ़ संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जलस्तर और हालात की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
Mahanadi Water Level : जलमग्न पुल-पुलियों पर आवाजाही रोकने के निर्देश
कलेक्टर और एसपी ने अधिकारियों से कहा है कि जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाए। जिन पुल-पुलियों पर पानी बह रहा है, वहां तत्काल आवागमन रोकने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
तटीय और जलभराव वाले गांवों में मुनादी के जरिए लोगों को सावधान किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से तेज बहाव वाले पानी में जाने और जलमग्न रास्तों को पार करने से बचने की अपील की है।

