BY: Yoganand Shrivastva
UP Heavy Rain उत्तर प्रदेश में पिछले 48 घंटे से जारी तेज बारिश ने कई जिलों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। बारिश और तेज हवाओं के चलते राज्य में 117 मकानों के गिरने की सूचना है, जबकि अलग-अलग वर्षाजनित हादसों में 15 लोगों की जान चली गई। कई इलाकों में फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। लखनऊ के पुराने शहर स्थित हुसैनाबाद के ऐतिहासिक गेट का एक हिस्सा भी बारिश के दौरान गिर गया।
दीवार और मकान गिरने से कई लोगों की मौत
UP Heavy Rain लखीमपुर खीरी, अमेठी और बाराबंकी में दीवार और मकान गिरने की घटनाओं में कई लोगों की मौत हुई। लखीमपुर खीरी के नीमगांव थाना क्षेत्र के रहमत नगर गांव में शनिवार तड़के मिट्टी की दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मलबे में दबकर मौत हो गई। मृतकों की पहचान मोहन कश्यप (50), उनकी पत्नी कविता (45) और बेटे अनिल (6) के रूप में हुई है। घटना के समय परिवार के लोग घर में सो रहे थे।
अमेठी के जामों थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर गांव में भी लगातार हो रही बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवार गिर गई। हादसे में ऊषा देवी की मौत हो गई। वहीं बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर में कच्ची दीवार ढहने से 38 वर्षीय सुनीता देवी की जान चली गई।
फतेहपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में करीब 10 कच्चे मकान गिर गए। इनमें से एक मकान के मलबे में दो सगे भाई दब गए। हादसे में 8 वर्षीय बच्चे की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका 11 वर्षीय भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के छेदा बाजार गांव में दूध बेचकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे 45 वर्षीय संजय वर्मा पर सड़क किनारे खड़ा पेड़ गिर गया। मलबे में दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गंगा एक्सप्रेसवे समेत कई जगह जलभराव
UP Heavy Rain लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव और यातायात बाधित होने की स्थिति बनी हुई है। उन्नाव में बशीरतगंज टोल प्लाजा के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर पानी भर गया, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कन्नौज समेत कई इलाकों में भी जलभराव की स्थिति सामने आई है।
लखनऊ में शनिवार सुबह तक पिछले 21 घंटे में 125.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। तेज हवाओं और बारिश से ग्रामीण इलाकों में फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। राहत आयुक्त डॉक्टर हृषिकेश भास्कर यशोद के अनुसार प्रदेश के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज हुई है। पिछले 24 घंटे में पूरे राज्य में सामान्य से 19 गुना अधिक बारिश हुई।
फर्रुखाबाद में सामान्य से 200 गुना, कानपुर नगर में 160 गुना और कन्नौज, कानपुर देहात तथा हरदोई में सामान्य से 130 गुना अधिक बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है। रविवार को भी कई इलाकों में बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है।
निचले इलाकों में बढ़ी परेशानी, सीएम ने दिए सतर्कता के निर्देश
UP Heavy Rain मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और उससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना दबाव दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा था। शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे इसका केंद्र प्रयागराज से करीब 230 किलोमीटर दक्षिण में था। इसके शनिवार शाम तक दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ने और अगले 12 घंटे में धीरे-धीरे कमजोर होने की संभावना जताई गई है।
बारिश के कारण निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अयोध्या में तेज बारिश और हवाओं के चलते राम पथ, राम मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन और सरयू क्षेत्र में आवागमन प्रभावित हुआ। श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को सतर्क रहने, प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और व्यवस्थाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। रेड अलर्ट वाले जिलों में विद्यालय बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन ने कई जिलों को अचानक बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील चिह्नित किया है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा खुले क्षेत्रों, पेड़ों और जलाशयों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।


