रिपोर्टर–राघवेन्द्र सिंह
Unnao News लगातार हो रही बारिश के चलते उन्नाव के हसनगंज क्षेत्र के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ का पानी भरने से गांवों को जोड़ने वाले कई संपर्क मार्ग प्रभावित हो गए हैं। ऐसे में ग्रामीण आने-जाने के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा ले रहे हैं।
सई नदी के पानी में डूबा संपर्क मार्ग
Unnao News रसूलपुर बकिया से अकबरपुर गांव को जोड़ने वाला मार्ग सई नदी के पानी में पूरी तरह डूब गया। आवागमन बाधित होने के बाद ग्रामीणों ने खुद ही बांस का अस्थायी पुल तैयार करना शुरू कर दिया। पुल बनाए जाने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद इसकी जानकारी तहसील प्रशासन तक पहुंची।
एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर पुल हटवाया
Unnao News सूचना मिलते ही हसनगंज की उपजिलाधिकारी शालिनी सिंह तोमर तहसील और पुलिस प्रशासन की टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। प्रशासन ने ग्रामीणों द्वारा बनाए जा रहे बांस के पुल को तत्काल हटवा दिया। अधिकारियों का कहना था कि बाढ़ के पानी के बीच इस तरह का अस्थायी पुल ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।
प्रशासन बोला- बाढ़ के पानी से गुजरने की अनुमति नहीं
Unnao News मौके पर पुल बना रहे एक ग्रामीण ने इसे मनोरंजन के लिए बनाया जाना बताया। वहीं एसडीएम शालिनी सिंह तोमर ने कहा कि गांव में आने-जाने के लिए अन्य वैकल्पिक रास्ते उपलब्ध हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों को बाढ़ के पानी से होकर गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।


