संवाददाता- प्रताप सिंह बघेल
Morena मध्य प्रदेश के चंबल अंचल में जमीनी रंजिश को लेकर एक बार फिर गोलियां गूंज उठी हैं। मुरैना जिले के सबलगढ़ थाना इलाके में बीहड़ की सरकारी जमीन पर अधिपत्य जमाने को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी खेल खेला गया। लाठी-डंडों से शुरू हुआ यह विवाद कुछ ही देर में बंदूकों की गड़गड़ाहट में बदल गया। इस अंधाधुंध फायरिंग में गोली लगने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि लाठियां लगने से दूसरे पक्ष की दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
Morena बीहड़ की विवादित भूमि को लेकर पहले गाली-गलौज, फिर बरसीं लाठियां
Morena यह खौफनाक वारदात सबलगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रतिया पुरा गांव की है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गांव के रहने वाले घमंडी केवट और अमरसिंह जादौन के बीच बीहड़ की सरकारी जमीन को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। दोनों ही गुट उस सरकारी भूमि पर अपना-अपना दावा ठोक रहे थे। शुक्रवार दोपहर इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों तरफ से परिजन भी लाठी-डंडे लेकर जंग के मैदान में कूद पड़े।
Morena लाइसेंसी राइफल से की अंधाधुंध फायरिंग, मौके पर ही थमीं सांसें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब लाठी-डंडों की जंग में विवाद बेकाबू हो गया, तो अमरसिंह जादौन और उसके बेटों ने आव देखा न ताव और घर से अपनी लाइसेंसी राइफल निकाल लाए। आरोपियों ने केवट पक्ष पर सीधे निशाना साधते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इस अचानक हुई फायरिंग के दौरान एक गोली घमंडी केवट के युवा बेटे जगदीश को जा लगी। गोली लगते ही जगदीश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। इस हिंसक झड़प में दो महिलाएं भी लाठियों के प्रहार से चोटिल हुई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
Morena आरोपी घरों में ताला लटकाकर फरार, पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा
बीहड़ में मर्डर की खबर मिलते ही सबलगढ़ थाना पुलिस भारी बल के साथ रतिया पुरा गांव पहुँची। पुलिस ने तुरंत मृतक जगदीश के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वारदात के बाद जब पुलिस टीम आरोपियों की धरपकड़ के लिए उनके ठिकानों पर पहुँची, तो अमर सिंह जादौन और उसके परिजनों के घरों में ताले लटके मिले। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी अमर सिंह सहित आधा दर्जन नामजद लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य संगीन धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।





