Milk Price Hike: देश में महंगाई के बीच अब दूध भी महंगा हो गया है। Mother Dairy ने अपने विभिन्न दूध उत्पादों की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी है। कंपनी की नई दरें 14 मई 2026 से लागू हो गई हैं। इससे पहले Amul ने भी दूध की कीमतों में इजाफा किया था।
कंपनी का कहना है कि किसानों से दूध खरीदने की लागत लगातार बढ़ रही है, जिसके कारण कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया था।
Milk Price Hike: किसानों से दूध खरीद की लागत बढ़ने का असर
मदर डेयरी के प्रवक्ता के अनुसार पिछले एक साल के दौरान किसानों से दूध खरीदने की लागत में करीब 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी ने कहा कि उपभोक्ताओं पर कम से कम असर डालने की कोशिश की गई, लेकिन बढ़ती लागत के कारण कीमतें बढ़ाना आवश्यक हो गया।
कंपनी का यह भी कहना है कि दूध बिक्री से होने वाली आय का बड़ा हिस्सा सीधे किसानों और दूध खरीद प्रक्रिया पर खर्च किया जाता है। इससे किसानों की आय को समर्थन मिलता है और ग्राहकों को लगातार गुणवत्तापूर्ण दूध उपलब्ध कराया जा सकता है।
Milk Price Hike: नई कीमतें आज से लागू
नई दरों के अनुसार अब मदर डेयरी का बल्क वेंडेड मिल्क यानी टोकन मिल्क 56 रुपये की जगह 58 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।फुल क्रीम दूध की कीमत 70 रुपये से बढ़ाकर 72 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। वहीं टोंड मिल्क अब 58 रुपये की जगह 60 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।
डबल टोंड मिल्क यानी लाइव लाइट की कीमत 52 रुपये से बढ़ाकर 54 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। इसके अलावा गाय के दूध की कीमत 60 रुपये से बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर हो गई है। कंपनी का प्रो मिल्क भी अब 70 रुपये की जगह 72 रुपये प्रति लीटर मिलेगा।
Milk Price Hike: अप्रैल 2025 के बाद पहली बढ़ोतरी
मदर डेयरी ने बताया कि इससे पहले दूध की कीमतों में आखिरी संशोधन अप्रैल 2025 में किया गया था। लगभग एक साल बाद कंपनी ने फिर से कीमतों में बदलाव किया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि पशु चारे, परिवहन और उत्पादन लागत बढ़ने से डेयरी कंपनियों पर दबाव बढ़ा है, जिसका असर अब उपभोक्ताओं पर भी दिखाई दे रहा है।
Milk Price Hike: अमूल ने भी बढ़ाए दूध के दाम
मदर डेयरी से पहले अमूल इंडिया ने भी दूध की कीमतों में प्रति लीटर 2 रुपये तक की बढ़ोतरी की घोषणा की थी। नई दरें अमूल ताजा, अमूल गोल्ड, अमूल शक्ति और अमूल टी स्पेशल समेत कई प्रमुख वैरिएंट्स पर लागू की गई हैं।
नई कीमतों के अनुसार अमूल ताजा का 500 मिली पैक 28 रुपये की जगह 29 रुपये में मिलेगा, जबकि 1 लीटर पैक 55 रुपये से बढ़कर 57 रुपये हो गया है।
अमूल गाय दूध का 500 मिली पैक अब 30 रुपये में मिलेगा। वहीं अमूल शक्ति 500 मिली पैक की कीमत 32 रुपये कर दी गई है। इसके अलावा अमूल गोल्ड 500 मिली पैक 35 रुपये और अमूल बफेलो मिल्क 500 मिली पैक 39 रुपये में उपलब्ध होगा।
Milk Price Hike: घरेलू बजट पर बढ़ेगा असर
दूध की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ सकता है। खासकर उन परिवारों पर इसका अधिक प्रभाव देखने को मिल सकता है जहां रोजाना दूध और डेयरी उत्पादों की खपत ज्यादा होती है।
महंगाई के बीच दूध के दाम बढ़ने से रसोई का खर्च और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
read also: PBKS vs MI: प्लेऑफ की रेस में पंजाब के लिए अहम मुकाबला, धर्मशाला में मुंबई से होगी टक्कर





