संवाददाता- प्रताप सिंह बघेल
Morena पोरसा थाना क्षेत्र की रामनगर कॉलोनी में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक अधेड़ व्यक्ति का शव खाली प्लॉट की झाड़ियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान 48 वर्षीय कोक सिंह जाटव के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता था। घटना के पीछे की कहानी घरेलू कलह और आपसी विवाद से जुड़ी बताई जा रही है।
Morena शराब और मारपीट से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, कोक सिंह जाटव नशे का आदी था, जिसके कारण घर में अक्सर विवाद होता रहता था। बताया गया है कि 15 अप्रैल को कोक सिंह ने शराब के नशे में अपनी पत्नी नारायणी जाटव के साथ मारपीट की थी। पति के हिंसक व्यवहार से परेशान होकर नारायणी रात में पड़ोसी के घर रहने चली गई थी।
Morena आखिरी शब्द: “तू खुश रहना, हम तो चलते हैं”
अगले दिन जब नारायणी वापस घर लौटी, तो कोक सिंह अपना बैग लेकर घर से निकलने की तैयारी कर चुका था। घर की दहलीज पर खड़े होकर उसने अपनी पत्नी से आखरी बार कहा— “अब तू घर में खुश रहना, हम तो चलते हैं।” पत्नी को लगा कि वह गुस्से में कहीं जा रहा है और वापस लौट आएगा, लेकिन वह फिर कभी जिंदा वापस नहीं लौटा।
Morena खाली प्लॉट में मिला शव
शनिवार सुबह रामनगर कॉलोनी स्थित राम गोपाल फौजी के एक खाली प्लॉट में स्थानीय लोगों ने एक शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पोरसा थाना प्रभारी दिनेश कुशवाह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने जब शिनाख्ती की, तो उसकी पहचान कोक सिंह जाटव के रूप में हुई। मौके पर पहुँची पत्नी नारायणी ने भी शव की पहचान अपने पति के रूप में की।
Morena पुलिस कर रही जांच: हत्या या आत्महत्या?
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि क्या युवक ने अत्यधिक नशे या किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया या फिर मौत का कारण कुछ और है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी गई है।





