Isa Ahmad
Temple Theft: देर रात नकाबपोशों ने वारदात को दिया अंजाम
Temple Theft: भिलाई के सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर में देर रात बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। यह मंदिर भिलाई नगर थाना क्षेत्र से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। जानकारी के अनुसार 3 से 4 नकाबपोश बदमाश रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच मंदिर परिसर में घुसे।
आरोपियों ने वहां तैनात गार्ड को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और मंदिर के ताले तोड़ दिए। इसके बाद अंदर रखे चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
Temple Theft: सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए आरोपी, पुलिस जांच में जुटी
सुबह करीब 5 बजे जब पुजारी आरती के लिए मंदिर पहुंचे तो मुख्य द्वार सहित अन्य ताले टूटे मिले और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना मंदिर ट्रस्ट को दी गई, जिसके बाद पुलिस को खबर की गई।
Temple Theft: सूचना मिलते ही दुर्ग जिले के एसएसपी विजय अग्रवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। डॉग स्क्वॉड और साइबर टीम को भी बुलाया गया है। आरोपी मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि साक्ष्य मिटाया जा सके। हालांकि पुलिस को कुछ फुटेज मिले हैं, जिनमें 3 से 4 संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं।
Temple Theft: प्रारंभिक जांच में चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी होना सामने आया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।





