Budget 2026 : सोना-चांदी सब धड़ाम, सेंसेक्स 1600 अंक गिरकर 80,600 स्तर पर, निफ्टी में भी 550 की गिरावट
Budget 2026 नई दिल्ली, आम बजट के बाद आज शेयर बाजार में भारी दबाव देखने को मिला। कारोबार के दौरान सेंसेक्स करीब 1600 अंक लुढ़ककर 80,600 के स्तर पर आ गया, जबकि निफ्टी लगभग 550 अंक गिरकर 24,800 से नीचे कारोबार करता दिखा। बाजार में इस तेज गिरावट की मुख्य वजह सिक्योरिटीज ट्रांजेक्शन टैक्स (STT) में बढ़ोतरी मानी जा रही है। सरकार ने बजट में फ्यूचर्स सेगमेंट पर लगने वाले STT को 0.02% से बढ़ाकर 0.05% कर दिया है। इस फैसले से निवेशकों की लागत बढ़ने की आशंका है, जिसके चलते बाजार में बिकवाली हावी हो गई।
ये भी जानिए : Budget 2026: आम बजट में इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं

Budget 2026 : ज्यादातर शेयर लाल निशान में
सेंसेक्स के 30 में से 28 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि केवल 2 शेयरों में हल्की तेजी देखने को मिली। BEL, SBI और NTPC के शेयरों में 4% तक की गिरावट आई।
निफ्टी की बात करें तो इसके सभी सेक्टोरल इंडेक्स दबाव में रहे। सबसे ज्यादा नुकसान सरकारी बैंकिंग सेक्टर को हुआ, जहां करीब 4% की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा मेटल, मीडिया, FMCG, IT, फार्मा, फाइनेंशियल सर्विसेज और रियल्टी सेक्टर भी कमजोर नजर आए।

Budget 2026 : कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव
सुबह बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी। सेंसेक्स 100 अंक गिरकर 82,156 पर खुला, जबकि निफ्टी 50 अंक टूटकर 25,275 के स्तर पर ओपन हुआ।
हालांकि, दिन के बीच में बाजार में कुछ रिकवरी भी देखने को मिली। करीब 11 बजे सेंसेक्स ने 500 अंक की वापसी की और निफ्टी भी 150 अंक संभला, लेकिन बाद में फिर से दबाव बढ़ गया।
Budget 2026 : STT क्या है?
सिक्योरिटीज ट्रांजेक्शन टैक्स (STT) शेयर बाजार में होने वाली हर खरीद-बिक्री पर लगाया जाने वाला टैक्स है। यह टैक्स मुनाफा हो या नुकसान, दोनों ही स्थितियों में देना पड़ता है। स्टॉक एक्सचेंज इसे सीधे ट्रांजैक्शन वैल्यू से काटकर सरकार को जमा कर देता है।
Budget 2026 : निवेशकों के लिए क्या है संकेत
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि बजट से जुड़े फैसलों के चलते बाजार में शॉर्ट टर्म में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। विशेषज्ञ निवेशकों को क्वालिटी और लार्जकैप शेयरों पर फोकस करने की सलाह दे रहे हैं।
इंफ्रास्ट्रक्चर, डिफेंस और रेलवे जैसे बजट-फोकस्ड सेक्टरों में आगे हलचल तेज रह सकती है।





