Reporter: Ravindra Kumar, Edit By: Mohit Jain
Bijnor News: बिजनौर के धामपुर क्षेत्र में एक मकान की छत पर लगाए जा रहे मोबाइल टावर को लेकर मोहल्लेवासियों में भारी रोष देखने को मिला। नगीना चौराहा स्थित एक इमारत पर निजी मोबाइल कंपनी का टावर लगाए जाने के विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया और प्रशासन से इसे तुरंत रोकने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि जिस बिल्डिंग पर मोबाइल टावर लगाया जा रहा है, उसकी हालत बेहद कमजोर है। आरोप है कि उक्त भवन केवल चार इंच मोटी दीवारों के सहारे खड़ा है, ऐसे में छत पर भारी भरकम टावर लगना किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। मोहल्लेवासियों ने आशंका जताई कि यदि टावर लगाया गया तो जान-माल का गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि नगीना चौराहा धामपुर का अतिव्यस्ततम इलाका है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही लगी रहती है। घनी आबादी के बीच मोबाइल टावर लगाए जाने से क्षेत्रवासियों को लगातार भय बना रहेगा। लोगों का आरोप है कि मकान मालिक कफील कुरैशी अपने निजी स्वार्थ के लिए बस्ती के बीच मोबाइल टावर लगवा रहे हैं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
प्रदर्शन में शामिल मोहल्लेवासियों मोहम्मद असगर, मोहम्मद अफजल, गुलजार अहमद, शक्ति सिंह गोस्वामी, मशकूर अहमद, खुशीराम सैनी सहित अन्य लोगों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मोबाइल टावर के निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाने की मांग की है।





