Mohit Jain
Bahraich: जिले के नानपारा थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि नानपारा में हाल ही में हुई लूट की वारदात से जुड़े दो अभियुक्त लूटी गई मोटरसाइकिल के साथ नेपाल भागने की फिराक में थे।
पुलिस को सूचना मिलने पर नानपारा कोतवाल अपनी टीम के साथ नहर पुलिया के पास चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस द्वारा जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान दीपक कश्यप के रूप में हुई है, जो श्रावस्ती जिले का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस ने मौके से लूट की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके साथ ही अभियुक्त के पास से एक तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
यह खबर भी पढ़ें: Uttar Pradesh: योगी आदित्यनाथ सरकार का किसानों की ‘आर्थिक समृद्धि’ पर जोर
पुलिस का कहना है कि फरार अभियुक्त की तलाश की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





