Reporter: Golu Markam, Edit By: Mohit Jain
माड़ बचाव अभियान के तहत थाना सोनपुर क्षेत्रांतर्गत ग्राम काकुर में नारायणपुर पुलिस, डीआरजी और बीएसएफ 86 वीं बटालियन के संयुक्त प्रयास से नवीन सुरक्षा एवं जन सुविधा कैंप स्थापित किया गया है।

नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा का कवच
काकुर ग्राम, जो पूर्व में नक्सल लीडरों का गढ़ माना जाता था, अब सुरक्षा बलों के तैनात होने से सुरक्षित होगा। गत वर्ष और इस वर्ष मिलकर इस इलाके में 20 से अधिक माओवादी एनकाउंटर में मारे गए हैं। कैंप की स्थापना से न केवल सुरक्षा बढ़ेगी बल्कि स्थानीय लोगों के जीवन में शांति और सुरक्षा का वातावरण बनेगा।
विकास कार्यों में सहयोग

नारायणपुर पुलिस नक्सल मुक्त सशक्त बस्तर की कल्पना को साकार करने हेतु क्षेत्र में लगातार नक्सल विरोधी ‘‘माड़ बचाओ’’ अभियान संचालित कर रही है। इसी क्रम में अबूझमाड़ के अंदरूनी गांवों तक सड़क, पुल और अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं को पहुँचाने में सुरक्षा बल सहयोग प्रदान करेंगे।
कैंप का स्थान और महत्व
थाना सोनपुर के ग्राम काकुर में स्थापित यह नवीन कैंप सोनपुर-गारपा-परियादी-काकुर एक्सिस तक सुरक्षा प्रदान करेगा और विकास कार्यों में सहायक होगा। कैंप का स्थान जिला मुख्यालय नारायणपुर से 62 किलोमीटर, थाना सोनपुर से 36 किलोमीटर और गारपा से 12 किलोमीटर दूर स्थित है।





