BY: Yoganand Shrivastava
आगरा: एक इंटर कॉलेज में बालों की दो चोटी न बनाने पर 11वीं की छात्रा के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल प्रबंधक, उनकी पत्नी और एक टीचर ने छात्रा पर हाथ उठाया, जिससे उसके नाक और कान से खून निकलने लगा। हालत बिगड़ने पर छात्रा को अस्पताल ले जाया गया, जहां वह बेहोश हो गई।
गेट पर रोका, फिर हुआ विवाद
सैंया क्षेत्र के मोहनपुर स्थित पं. मूंगाराम बाबूजी इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा संध्या तोमर रोज की तरह स्कूल पहुंची थी। उसने एक चोटी बनाई थी, जबकि स्कूल में दो चोटी बनाना नियम है। गेट पर मौजूद स्टाफ ने उसे रोक दिया। इसी दौरान प्रबंधक श्रीभगवान शर्मा और उनकी पत्नी भी पहुंच गए।
छात्रा के अनुसार, प्रबंधक ने देर से पहुंचने और दो चोटी न बनाने पर डांट लगाई और अंदर जाने से मना कर दिया। बात बढ़ने पर उनकी पत्नी ने छात्रा के बाल पकड़े और प्रबंधक ने उसे थप्पड़ मार दिया।
टीचर ने चेहरे पर लोटा फेंका, खून निकलने लगा
छात्रा का कहना है कि वह विरोध करने लगी तो एक टीचर भी वहां आए और उसके चेहरे पर लोटा फेंक दिया। इससे उसकी नाक और कान से खून बहने लगा। डर और दर्द में उसने तुरंत घर पर फोन कर दिया।
परिजन पहुंचे तो बिगड़ी हालत, अस्पताल ले जाया गया
छात्रा के भाई अमित तोमर और पिता स्कूल पहुंचे तो उन्होंने बेटी को खून से लथपथ हालत में देखा। इसके बाद उसे पहले सैंया के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से स्थिति गंभीर देखते हुए एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं पहुंचते ही छात्रा बेहोश हो गई।
परिजनों ने की कार्रवाई की मांग
परिवार का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन मनमाने नियम लागू करता है और छात्रा से की गई मारपीट असहनीय है। परिजनों ने कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए स्कूल को सीज किए जाने की बात कही है।
पुलिस को शिकायत दे दी गई है और मामले की जांच जारी है।





