रिपोर्ट: कुशल चोपड़ा
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच एक बार फिर मुठभेड़ की खबर सामने आई है। बीजापुर–दंतेवाड़ा सीमा पर स्थित भैरमगढ़ क्षेत्र के केशकुतुल जंगलों में शनिवार सुबह से रुक-रुक कर फायरिंग जारी है। दोनों ओर से हो रही गोलीबारी के कारण इलाके में तनाव का माहौल है।

सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ज्वाइंट ऑपरेशन पर निकली थी, इसी दौरान जंगल के भीतर माओवादियों का सामना हो गया। शुरुआती जानकारी में 5 नक्सलियों के मारे जाने की खबर सामने आ रही है, हालांकि अधिकारी स्तर पर अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मुठभेड़ जारी होने के कारण ऑपरेशन क्षेत्र में अतिरिक्त बलों को भेजा गया है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर कड़ी निगरानी बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन खत्म होने के बाद ही सटीक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। स्थानीय प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि वे जंगल के सीमावर्ती क्षेत्रों से दूर रहें और सुरक्षा एजेंसियों को सहयोग दें।




