Report: Girraj Bohare
भिण्ड। जिला अस्पताल भिण्ड में एक बार फिर लापरवाही और भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। यहां एक्सरे जल्दी कराने के नाम पर एक्सरे विभाग के एक कर्मचारी ने मरीज से पैसे वसूल लिए। मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, डगर निवासी किसान राम सिंह अपनी पत्नी के साथ सीने में दर्द की शिकायत लेकर जिला अस्पताल पहुंचे थे। एक्सरे करवाने के दौरान विभाग में पदस्थ कर्मचारी सौरभ ने उनसे जल्दी रिपोर्ट निकालने के नाम पर पैसे की मांग की। किसान ने मजबूरी में पैसे दे दिए और एक्सरे का प्रिंट लेकर लौट गए।
इसके बाद जब किसान ने मीडिया के सामने अपनी बात रखी, तो अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। शिकायत लेकर सिविल सर्जन कार्यालय पहुंचे राम सिंह और उनकी पत्नी ने आरोपी कर्मचारी को पकड़ने की कोशिश की। मामला बढ़ता देख जिला अस्पताल के सहायक प्रबंधक ने हस्तक्षेप किया और बंद कमरे में पैसे वापस करवाकर मामले को रफा-दफा कर दिया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि जिला अस्पताल में इस तरह की अनियमितताएं आए दिन होती रहती हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जाती है। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि अस्पताल में व्याप्त भ्रष्टाचार और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि आम मरीजों को न्याय मिल सके।





