BY: Yoganand Shrivastva
मेरठ से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। आरोप है कि पत्नी ने पहले पति को नशीला पदार्थ खिलाया और फिर चुन्नी से गला घोंटकर उसे बेहोश किया। इसके बाद दोनों ने उसे नहर में फेंक दिया, जहां पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
यह घटना रोहटा थाना क्षेत्र की है। पुलिस जांच में मामला संदेहास्पद लगने पर विस्तृत जांच की गई। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान अनिल के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर मौत को दुर्घटना बताया गया था, लेकिन गहन जांच में पता चला कि यह सोची-समझी हत्या थी।
पुलिस ने मृतक की पत्नी काजल से पूछताछ की। काजल ने स्वीकार किया कि उसकी शादी को आठ साल हो चुके थे, लेकिन कुछ समय पहले उसने अपने पुराने प्रेमी से फिर से संपर्क किया और उनके बीच नजदीकियां बढ़ गईं। इसके बाद दोनों ने मिलकर पति को हटाने की योजना बनाई।
एसपी ने बताया कि पुलिस ने काजल और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ हत्या और साजिश रचने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।





