केंद्रीय जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय एक्शन मोड में है। इस बार ईडी हरियाणा पहुंची है। जांच एजेंसी ने शनिवार (20 जुलाई 2024) को सोनीपत से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार को गिरफ्तार किया। खबरों की मानें तो, ईडी ने पंवार को अवैध खनन के मामले में गिरफ्तार की है। बताया जा रहा है कि ईडी की टीम उन्हें अंबाला ऑफिस के लिए लेकर निकली है।
बता दें कि पिछले दिनों अवैध खनन से जुड़े एक मामले में ईडी की टीम ने विधायक सुरेंद्र पंवार, यमुनानगर में पूर्व विधायक दिलबाग सिंह के यहां छापेमारी की थी। इस छापेमारी में ईडी को कई अहम सबूत मिले थे। इसके बाद अब सुरेंद्र पंवार को अरेस्ट किया गया है। तो आइए जानते हैं कौन हैं सुरेंद्र पंवार?
बीजेपी की दो बार विधायक को दी थी मात
55 वर्षीय सुरेंद्र पंवार हरियाणा के सोनीपत से कांग्रेस के विधायक हैं। 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में उन्होंने बीजेपी की दो बार की विधायक कविता जैन को हराया था। सुरेंद्र पंवार को यहां 79,438 वोट मिले थे और उन्होंने करीब 30 हजार वोटों के अंतर से कविता को मात दी थी। इसके पहले सुरेंद्र पंवार आईएनएलडी में रह चुके हैं। 2014 में उन्होंने सोनीपत सीट पर चुनाव आईएनएलडी की टिकट से लड़ा था। हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वह इस सीट पर तीसरे स्थान पर रहे थे।
Ye Bhi Pade – वेदांता Q3 नतीजे





