रिपोर्ट: गिर्राज बौहरे
भिंड: जिले में मंगलवार–बुधवार की दरमियानी रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। धान बेचकर घर लौट रहे एक ही परिवार के तीन किसानों की ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत नहर में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसा लहार थाना क्षेत्र के नानपुरा गांव के पास टूटी हुई बंबा की पुलिया पर हुआ, जहां ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराया और नहर में जा गिरा। ट्रैक्टर के नीचे दबने और पानी में डूबने से तीनों की दर्दनाक मौत हो गई।
रात के समय आसपास के किसान खेतों में पानी दे रहे थे। उसी दौरान उन्होंने नहर में ट्रैक्टर डूबा हुआ देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही लहार थाना प्रभारी शिवसिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में जेसीबी की मदद से नहर में फंसे ट्रैक्टर और तीनों शवों को बाहर निकाला गया।
मृतकों के शवों को लहार पीएम हाउस भेजा गया, जहां उनका पोस्टमार्टम किया जा रहा है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि टूटी हुई बंबा की पुलिया पहले भी कई हादसों का कारण बन चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इस दर्दनाक घटना ने प्रशासन की लापरवाही पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।





