Traffic Challan : प्रदेश भर में 1103 पॉइंट्स पर तैनात रही पुलिस, 74 हजार से अधिक वाहन जांचे, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 385 चालकों पर गिरी गाज
Traffic Challan : महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान पुलिस ने अपराध नियंत्रण, असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने और यातायात नियमों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने के लिए सोमवार 01 जून को पूरे प्रदेश में व्यापक नाकाबंदी अभियान चलाया। अतिरिक्त महानिदेशक (लॉ एंड ऑर्डर) श्री वीके सिंह ने बताया कि इस अभियान के दौरान राज्य के सभी रेंज और कमिश्नरेट क्षेत्रों में कुल 1103 नाकाबंदी पॉइंट स्थापित किए गए। पुलिस टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 39,984 दुपहिया और 34,888 चौपहिया वाहनों की सघन चेकिंग की जबकि 226 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

Traffic Challan : यातायात नियमों के उल्लंघन पर भारी जुर्माना
एडीजी श्री सिंह ने बताया।कि विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 15,083 चालान बनाए गए। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 3234, बिना सीट बेल्ट 1648, मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने वाले 184, नंबर प्लेट संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले 1653, काली फिल्म लगे वाहनों के 1643 तथा अन्य श्रेणियों में 6433 चालान शामिल हैं। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 385 वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
Traffic Challan : अवैध हथियार, ड्रग्स और भारी नगदी जब्त
यातायात चेकिंग के साथ-साथ पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी, जिसके परिणाम स्वरूप 11 वाहन जब्त किए गए तथा 73 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें आर्म्स एक्ट के 4, आबकारी अधिनियम के 30, एनडीपीएस एक्ट के 2 तथा अन्य विशेष एवं स्थानीय कानूनों के 37 मामले शामिल हैं। अभियान के दौरान दर्ज प्रकरणों में 63 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर 163 व्यक्तियों को बीएनएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया। जांच और धरपकड़ के दौरान कई महत्वपूर्ण बरामदगियां भी हुईं। जयपुर रेंज में पांच वाहन और 25.50 लाख रुपये की नकदी जब्त की गई। भरतपुर रेंज में अवैध रेत परिवहन में प्रयुक्त ट्रैक्टर तथा बड़ी मात्रा में देशी शराब पकड़ी गई। कोटा रेंज में अवैध शराब, डोडा चूरा, वाहन और स्पीकर एम्प्लीफायर जब्त किए गए। बीकानेर रेंज में अवैध शराब और वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
Traffic Challan : रेंजवार प्रदर्शन की स्थिति
नाकाबंदी अभियान में जयपुर रेंज सबसे आगे रही, जहां 2492 चालान बनाए गए। इसके बाद अजमेर रेंज में 2229, भरतपुर रेंज में 2145, उदयपुर रेंज में 2051, कोटा रेंज में 1796, बीकानेर रेंज में 1572 तथा जोधपुर रेंज में 1470 चालान बनाए गए। जयपुर और जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्रों में क्रमशः 990 और 338 चालान किए गए।
Traffic Challan : जयपुर रेंज ने सबसे अधिक वाहन जांचे
वाहन जांच के मामले में भी जयपुर रेंज अग्रणी रही, जहां 13,589 वाहनों की जांच की गई। उदयपुर रेंज में 12,234, अजमेर में 10,205, भरतपुर में 9,081 तथा जोधपुर रेंज में 8,079 वाहनों की जांच की गई।
READ MORE : India Monsoon Delay : देश में आखिर कब आएगा मानसून, क्या है देरी की वजह, बार-बार तारीख क्यों आगे बढ़ा रहा IMD





