रिपोट- ऋषभ जैन
टीकमगढ़: जिले में जारी खाद संकट के बीच एक बार फिर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। जतारा विकासखंड के लिए ले जाए जा रहे खाद से भरे ट्रक को किसानों ने घेर लिया और बोरी-बोरी खाद लूट ली। जतारा कृषि उपज मंडी परिसर में हुई इस घटना में पुरुषों के साथ महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और किसान जिस बोरी पर हाथ लगा सके, उसे उठाकर ले गए।

सूचना मिलते ही कृषि उपज मंडी के प्रबंधक राजकुमार सोनी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अधिकांश खाद किसान ले जा चुके थे। प्रबंधक ने शेष बची खाद को किसी तरह सुरक्षित कर बेयरहाउस में रखवाया।
उन्होंने बताया कि खाद लूट की सूचना जतारा थाने में दर्ज करा दी गई है। गौर करने वाली बात यह है कि इससे पहले भी जतारा की उपरारा सोसायटी में बंटने जा रहे ट्रक से किसानों ने खाद लूटी थी, जिससे स्पष्ट है कि जिले में खाद संकट लगातार बढ़ता जा रहा है।





