Report: Ram Yadav
विदिशा। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के बंटी नगर में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 16 अक्टूबर को किसान धर्मेंद्र दांगी की बाइक की डिग्गी से 1 लाख 10 हजार रुपये चोरी हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर राजगढ़ जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से पूरी रकम बरामद कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, किसान धर्मेंद्र दांगी ने हाल ही में मंडी में अपनी फसल बेची थी। बिक्री से मिली रकम उन्होंने एक बैग में रखकर अपनी बाइक की डिग्गी में डाल दी थी। जब वे बंटी नगर चौराहे पर कुछ देर के लिए रुके, तभी चोरों ने मौका पाकर डिग्गी से पैसों से भरा बैग पार कर दिया।
घटना के बाद सिविल लाइंस पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान की। जांच के बाद राजगढ़ जिले से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की गई रकम बरामद की गई। टीआई ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य आपराधिक कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।





