Edit by: Priyanshi Soni
Software Engineer Death in Noida: नोएडा के सेक्टर-150 इलाके में घने कोहरे और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते एक दर्दनाक हादसा सामने आया। गुरुग्राम से नोएडा जा रहे 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की कार अनियंत्रित होकर नाले की दीवार तोड़ते हुए एक निर्माणाधीन मॉल के 30 फीट गहरे पानी भरे बेसमेंट में गिर गई।
Software Engineer Death in Noida: 80 मिनट तक लगाई मदद के लिए आवाज
हादसे के बाद युवराज किसी तरह कार से निकलकर उसकी छत पर चढ़ गए और अपने पिता को फोन कर मदद की गुहार लगाई। पुलिस, दमकल और एसडीआरएफ-एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन घने कोहरे और शून्य दृश्यता के कारण समय रहते रेस्क्यू नहीं हो सका। करीब 80 मिनट तक मदद के लिए चिल्लाने के बाद युवराज कार समेत दलदल में समा गए। बाद में शव बाहर निकाला गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवराज की मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया गया है। आशंका है कि कड़ाके की ठंड, ठंडे पानी में लंबे समय तक फंसे रहने और घबराहट के चलते उनकी हालत बिगड़ती चली गई।
Software Engineer Death in Noida: लोगों में भारी आक्रोश, किया प्रदर्शन
हादसे के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय निवासियों ने सिस्टम की विफलता का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन और कैंडल मार्च निकाला। लोगों का कहना है कि यदि पहले से बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर और सुरक्षा इंतजाम होते तो हादसा टल सकता था।
Software Engineer Death in Noida: बिल्डर और निर्माण कार्य से जुड़े विभागों से रिपोर्ट तलब
मामले में नोएडा प्राधिकरण ने कड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक सेल के जूनियर इंजीनियर नवीन कुमार की सेवाएं तत्काल समाप्त कर दी हैं और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही, बिल्डर और निर्माण कार्य से जुड़े विभागों से रिपोर्ट तलब की गई है।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सभी परियोजनाओं की दोबारा जांच के निर्देश दिए गए हैं।
यह खबर भी पढ़ें: Bikers Stunt: धनबाद में खुलेआम मौत का खेल, 3 घंटे तक बाइकर्स गैंग का खतरनाक स्टंट, पुलिस रही बेखबर





