Shivaji Chowk Agra Renaming: आगरा नगर निगम कार्यकारिणी की 16वीं बैठक सोमवार को मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में शहर के विकास, सफाई, सीवर व्यवस्था और यातायात से जुड़े कुल 7 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बिजलीघर चौराहा बनेगा शिवाजी चौक
बैठक में प्रस्ताव रखा गया कि बिजलीघर चौराहा का नाम बदलकर शिवाजी चौक किया जाए। इसके साथ ही मदिया कटरा से कोठी मीना बाजार मार्ग का नाम सरदार वल्लभ भाई पटेल मार्ग रखने का निर्णय लिया गया। इन प्रस्तावों को अंतिम स्वीकृति के लिए नगर निगम सदन में प्रस्तुत किया जाएगा।
Shivaji Chowk Agra Renaming: अवैध पार्किंग पर FIR के निर्देश

एमजी रोड पर विनायक मॉल के पास दबंगों द्वारा संचालित अवैध पार्किंग का मुद्दा भी बैठक में जोरशोर से उठा। सदस्यों ने बताया कि अवैध पार्किंग के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इस पर मेयर ने तत्काल अवैध पार्किंग बंद कराने और संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था पर अधिकारियों की कड़ी फटकार
कार्यकारिणी सदस्य बंटी माहौर ने शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी जताई। उन्होंने राजनगर वार्ड की स्थिति को नारकीय बताया। इस पर मेयर और नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई और सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम को मौके का निरीक्षण कर तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
Shivaji Chowk Agra Renaming: सीवर और मेट्रो से जुड़े प्रस्ताव भी मंजूर

बैठक में आगरा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को नगर निगम परिसर की खाली पड़ी भूमि ट्रांसफर करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। साथ ही छावनी क्षेत्र में सीवर व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 99 वर्षों की लीज पर भूमि देने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी।
यह खबर भी पढ़ें: Banda : प्रियंका गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस का बड़ा ऐलान, 100 दिनों की कार्य योजना का शंखनाद
अब सदन में लगेगी अंतिम मुहर
बैठक में पारित सभी प्रस्तावों को नगर निगम सदन में रखा जाएगा, जहां अंतिम स्वीकृति के बाद इन्हें लागू किया जाएगा।





