Report by: Bhuwan Singh, Edit by: Priyanshi Soni
Nainital: हल्द्वानी में क्रिकेट मैच की आड़ में कथित धोखाधड़ी के आरोपी एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग (EVCL) के आयोजक विकास ढाका की गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई है। न्यायमूर्ति रविन्द्र मैथानी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की खंडपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए याचिकाकर्ता को रिमांड शीट की प्रति अदालत में दाखिल करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 12 फरवरी को होगी।
Nainital: अवैध कस्टडी का आरोप
याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने अदालत में दलील दी कि विकास ढाका को 7 साल से कम सजा वाली धारा में अवैध रूप से हिरासत में रखा गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सुबह 11:30 बजे विकास को थाने में बैठा लिया, जबकि रात 9 बजे एफआईआर दर्ज की गई और रिमांड शीट में गिरफ्तारी अगले दिन शाम 4 बजे दिखाई गई। अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि पुलिस दबाव में कार्रवाई कर रही है।
Nainital: क्या था पूरा मामला

हल्द्वानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम गौलापार में मंगलवार से एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग (EVCL) का आयोजन होना था। उद्घाटन सत्र में लोक गायक राकेश खनवाल, कैलाश कुमार, रागनी ग्रुप, हर्षिता कोहली और अंकित कुमार की प्रस्तुति होनी थी। टूर्नामेंट में मसूरी किंग्स, यू.पी. वारियर्स, हल्द्वानी टाइगर्स, दिल्ली नाइट्स, उत्तराखंड सोल्जर्स और वाराणसी वाइपर्स के बीच मुकाबले तय थे।
Nainital: मैच स्थगित, फिर विवाद बढ़ा
पहला मैच उत्तराखंड सोल्जर्स और दिल्ली नाइट्स के बीच खेला जाना था, लेकिन देर शाम तक मैच शुरू नहीं हो सका। आयोजक विकास ढाका ने बताया कि उनके बड़े पार्टनर प्रमोद सिंह की दिल्ली से हल्द्वानी आते समय हृदयगति रुकने से मृत्यु हो गई, जिसके चलते मैच स्थगित किया गया। इसके बाद शिकायत मिलने पर पुलिस ने बुधवार को विकास ढाका को गिरफ्तार कर लिया।
Nainital: पुलिस कार्रवाई जारी
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है। मामले की जांच अभी जारी है।
Read also: Haldwani में ADB परियोजनाओं की DM ने की समीक्षा, दिए सख्त निर्देश





