Report by: Athar Khan, Edit by: Priyanshi Soni
Munger Irrigation Project: मुंगेर में निर्माणाधीन डकरा नाला पंप नहर परियोजना किसानों के लिए जीवनदायिनी साबित होने जा रही है। योजना के पूरा होने के बाद हजारों एकड़ कृषि भूमि की सिंचाई संभव होगी, जिससे किसानों को अब केवल वर्षा के भरोसे नहीं रहना पड़ेगा।
Munger Irrigation Project: पहले चरण में 7.6 किमी मुख्य नहर, 13 किमी उप-नहर का निर्माण
जल संसाधन विभाग के अनुसार, परियोजना के प्रथम चरण में हेरूदियारा पंप हाउस से जमालपुर शहरी क्षेत्र अंतर्गत फरीदपुर डीएवी स्कूल तक 7.6 किलोमीटर मुख्य केनाल तथा हेरूदियारा से हेमजापुर तक 13 किलोमीटर उप-मुख्य नहर का निर्माण कार्य चल रहा है।

इस योजना के तहत फरदा, इंदरुख और फरीदपुर में वितरण केंद्र बनाए गए हैं, जहां से जमालपुर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में नहर का पानी पहुंचाया जाएगा। फरदा वितरण केंद्र से धरहरा के कुछ पंचायतों तक भी केनाल के माध्यम से पानी पहुंचाने की योजना है।
Munger Irrigation Project: 45 किलोमीटर पाइपलाइन नेटवर्क, 3284 हेक्टेयर में सिंचाई
मुख्य और उप-नहरों से खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए 45 किलोमीटर लंबा फ्रेश पाइपलाइन नेटवर्क बिछाया जा रहा है। इसके माध्यम से 3284 हेक्टेयर भूमि में गंगा का पानी पहुंचाकर सिंचाई की जाएगी।
हेरूदियारा दुर्गा मंदिर के पास पंप हाउस का निर्माण प्रस्तावित है, जहां गंगा से सीधे केनाल के जरिए पानी लाया जाएगा। यहां 7 पंप स्थापित करने के लिए चैंबर भी बनाया जा रहा है।
Munger Irrigation Project: दूसरे चरण में जमालपुर से कजरा तक नहर का जीर्णोद्धार
डकरा नाला पंप नहर परियोजना का कार्य दो चरणों में पूरा किया जाना है। पहले चरण का कार्य प्रगति पर है, जबकि दूसरे चरण में फरीदपुर डीएवी स्कूल, जमालपुर से कजरा (लखीसराय जिला) तक 35 किलोमीटर नहर के जीर्णोद्धार की योजना है।
इस पर लगभग 250 करोड़ रुपये खर्च होंगे और इससे मुंगेर व लखीसराय जिले के करीब 7 हजार हेक्टेयर खेतों तक गंगा जल पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। डीपीआर अगस्त 2025 में मुख्यालय को भेजी जा चुकी है।
Munger Irrigation Project: जून 2026 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
जल संसाधन विभाग, गंगा पंप नहर प्रमंडल मुंगेर के कार्यपालक अभियंता मनीष कुमार भारती के अनुसार, परियोजना का कार्य तेजी से चल रहा है। प्रथम चरण में मिट्टी का कार्य और मुख्य नहर में पीसीसी लाइनिंग का काम जारी है। जून 2026 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
यह खबर भी पढ़ें: Trump Letter: गाजा शांति मिशन में भारत की एंट्री? ट्रंप का पीएम मोदी को खास न्योता





