MP news: मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड, रेस्पॉन्सिबल टूरिज्म मिशन और नारी सशक्तिकरण मिशन के तत्वावधान में संगिनी संस्था, पुलिस विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से अपैक्स भवन में निर्भया दिवस के अवसर पर सुरक्षा संकल्प, संवाद एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर मुख्य सचिव गृह, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व ने की और उन्होंने उपस्थित 600 से अधिक युवतियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी संस्कृति में नारी शक्ति समाज की धुरी है, जो बच्चों में संस्कार, शक्ति और प्रेरणा का संचार करती है। उन्होंने सभी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सेवा प्रदाताओं से मिलकर ऐसा वातावरण बनाने का आह्वान किया कि प्रदेश में आने वाले पर्यटक और स्थानीय महिलाएं अधिक सुरक्षित और सहज महसूस करें।
महिला सुरक्षा के प्रयासों पर जानकारी
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक महिला सुरक्षा श्री अनिल कुमार ने पुलिस विभाग द्वारा संचालित निर्भया स्क्वाड, वन स्टॉप सेंटर, ऊर्जा डेस्क और 112 जैसी पहलों के बारे में जानकारी दी। एडिशनल कमीशनर ऑफ पुलिस डॉ. मोनिका शुक्ला ने महिला सुरक्षा में समुदाय की भूमिका और पुलिस की कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। पुलिस उपमहानिरीक्षक सामुदायिक पुलिसिंग विनीत कपूर ने महिला सशक्तिकरण में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों और मध्य प्रदेश पुलिस की नवाचार गतिविधियों पर चर्चा की।
सशक्तिकरण और जागरूकता पर जोर
राज्य महिला आयोग के सचिव श्री सुरेश तोमर ने जेंडर संवेदीकरण, क्षमता वृद्धि और जागरूकता कार्यक्रमों पर चर्चा की। महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त संचालक म. नकवी, जहाँ कुरैशी और पर्वत रोही ज्योति रात्रे ने युवतियों को किसी भी परिस्थिति में हार न मानने और अपनी क्षमताओं पर विश्वास करने के लिए प्रेरित किया। संगिनी संस्था की प्रमुख डॉ. प्रार्थना मिश्रा ने महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना के तहत किए गए कार्यों का विवरण साझा किया। साइबर सेल के अधीक्षक श्री प्रे नागवंशी ने साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुति
कार्यक्रम में सृजन बालिकाओं, भोपाल टूरिस्ट फसिलिटेशन सेंटर की बालिकाओं, सम्मान संस्था इंदौर के राजेंद्र बंधु, सामाजिक कार्यकर्ता मीता वाधवा, रक्षंदा जाहिद, नैनिका, होम स्टे संचालक कीती केवट सहित प्रदेश के 50 से अधिक लोगों को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए विशेष प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही पशुपालन विभाग, कौशल विकास विभाग, पुलिस विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, इम्पैक्ट फॉर न्यूट्रिशन वॉर्ड संस्था और अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं ने 20 से अधिक स्टाल लगाकर महिला सशक्तिकरण की विभिन्न पहलों और योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में संघरत्ना और उनके दल द्वारा शक्ति आराधना नृत्य नाटिका का मंचन किया गया, जबकि पुलिस द्वारा प्रशिक्षित बालिकाओं ने पावर वाक का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का आभार ज्ञापन मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के संचालक डॉ. डी. पी. सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया।





